समस्तीपुर में धनतेरस पर 100 करोड़ से अधिक का कारोबार, सोना-चांदी और वाहनों की हुई बिक्री
समस्तीपुर: प्रकाश पर्व दीपावली के आगाज के साथ ही धनतेरस पर जिले के बाजारों में खूब रौनक रही. ग्राहकों की भारी भीड़ और देर रात तक चली खरीदारी के बीच इस बार जिले में 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है. सड़कों पर वाहनों की कतार, दीयों और लाइटों से सजे शोरूम तथा देर रात तक खरीदारों की चहल-पहल से पूरा शहर धनतेरस के उत्सव में सराबोर नजर आया. बाजार में हुई इस खरीदारी से स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे.
व्यापारी संघ और प्रमुख दुकानदारों के अनुमान के मुताबिक, इस धनतेरस पर जिलेभर में 100 करोड़ रुपये से अधिक का कुल कारोबार हुआ. खासकर बर्तन, सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहनों के शोरूम में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही.
सोना-चांदी के बाजार में 50 करोड़ का कारोबार
धनतेरस पर जिले में सोना-चांदी का करीब 50 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है. जेवरात के साथ सोने-चांदी के सिक्कों और बिस्कुट की भी भारी मांग रही. अकेले समस्तीपुर शहर में 10 करोड़ रुपये से अधिक का सोना-चांदी का कारोबार हुआ. इसके अलावा रोसड़ा, दलसिंहसराय और पटोरी अनुमंडल के बाजारों सहित जिले के छोटे-बड़े बाजारों में भी खरीदारों की भीड़ रही.
शहर के प्रतिष्ठित थोक विक्रेता अवध आभूषणालय के मालिक प्रमोद कुमार एवं शिवम कुमार ने बताया कि इस बार सोने-चांदी के सिक्कों और बिस्कुट की रिकॉर्ड बिक्री हुई है. छोटे-बड़े स्थानीय आभूषण प्रतिष्ठानों से लेकर ब्रांडेड शोरूम तक देर रात खरीदारों का तांता लगा रहा.
ऑटोमोबाइल सेक्टर में 25 करोड़ से अधिक की बिक्री
धनतेरस पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी खूब खरीदारी हुई. जिले में करीब 25 करोड़ रुपये से अधिक के वाहनों की बिक्री का अनुमान है. अधिकांश ग्राहकों ने धनतेरस के शुभ मुहूर्त में डिलीवरी लेने के लिए पहले से ही एडवांस बुकिंग करा रखी थी.दोपहिया वाहनों की बिक्री सबसे अधिक रही, जबकि चारपहिया वाहनों के शोरूम में भी दिनभर गहमागहमी बनी रही. वाहनों की बिक्री ने जिले के कुल कारोबार को बढ़ाने में अहम योगदान दिया.
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में एलईडी टीवी की मांग
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी दिनभर ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही. हालांकि, कारोबारियों के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री की रफ्तार थोड़ी धीमी रही. इसके बावजूद जिले में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान का कारोबार पांच करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है.इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों के प्रमुख थोक विक्रेता ठाकुर प्रसाद एंड संस के मालिक कमल किशोर ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार इलेक्ट्रॉनिक्स की बिक्री में थोड़ी कमी देखी गयी है, लेकिन एलईडी टीवी की मांग सबसे अधिक बनी रही.
बर्तन और झाड़ू की भी खूब हुई खरीदारी
धनतेरस पर धातु के बर्तन और झाड़ू खरीदने की परंपरा का भी लोगों ने पालन किया. बर्तन के थोक विक्रेता सचिन कॉर्नर के संचालक सचिन के अनुसार, जिलेभर में पांच करोड़ रुपये से अधिक के बर्तन कारोबार की संभावना है. इसमें विशेष रूप से पूजा के बर्तनों की खूब खरीदारी हुई.परंपरा के अनुसार, कई हिंदू परिवारों ने कम से कम दो-दो झाड़ू खरीदे. इससे जिले के बाजारों में झाड़ू की भी अच्छी मांग रही और इसका कारोबार भी उल्लेखनीय रहा.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
