पटना में ₹6.35 लाख का खजूर जब्त, ₹13.29 लाख की सामग्री नष्ट,अनिशाबाद के शालीमार कोल्ड स्टोरेज पर छापा, दो दुकानों का लाइसेंस रद्द
*पटना।* स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा टीम ने पटना के अनिशाबाद में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने न्यू बाइपास स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज में छापेमारी कर *₹6 लाख 35 हजार मूल्य का 1,270 किलोग्राम खजूर जब्त* किया। खजूर के पैकेटों पर पैकिंग की तारीख अंकित नहीं थी। टीम ने जांच के लिए खजूर का नमूना भी लिया।
कार्रवाई के दौरान कोल्ड स्टोरेज में रखी *₹13 लाख 29 हजार 200 मूल्य की 2,140 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट* की गई। इसमें 1,440 किलोग्राम मिठाई, 600 किलोग्राम सूखा अंजीर और 100 किलोग्राम दही शामिल था।
निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज में साफ-सफाई और स्वच्छता की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ भी एक साथ रखे पाए गए। निरीक्षण दल ने इन कमियों को दर्ज करते हुए प्रतिष्ठान के खाद्य लाइसेंस के निलंबन पर विचार करने की बात अपनी रिपोर्ट में दर्ज की है।
*कुर्जी में ‘जय माता दी द स्वीट शॉप’ का कारोबार बंद*
पटना के कुर्जी स्थित ‘जय माता दी द स्वीट शॉप’ के निरीक्षण में वैध FSSAI लाइसेंस नहीं पाया गया। नियमों के उल्लंघन के कारण टीम ने प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार बंद कराया। कार्रवाई के दौरान ₹360 मूल्य के 4 किलोग्राम वेज नूडल्स और 3 किलोग्राम सोया सॉस नष्ट किए गए। जांच के लिए बतीसा स्वीट्स का एक नमूना भी लिया गया।
*न्यू कुर्जी रेस्टोरेंट का किचन 2 दिन के लिए बंद*
कुर्जी मोड़ स्थित ‘न्यू कुर्जी रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स एंड नमकीन’ के निरीक्षण में रसोई की साफ-सफाई, जल निकासी और खाद्य सामग्री के भंडारण में कमियां पाई गईं। पानी की जांच रिपोर्ट, स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और कीट नियंत्रण का प्रमाण भी उपलब्ध नहीं था। टीम ने प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस दिया और साफ-सफाई के लिए उसका किचन दो दिनों के लिए बंद कराया। निरीक्षण में ₹2,640 मूल्य की 22 लीटर सामग्री नष्ट की गई। इसमें पांच लीटर टोमैटो सॉस, दो लीटर सोया सॉस और 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ तेल शामिल था। जांच के लिए गोंद के लड्डू का नमूना लेकर खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
*गांधी मैदान के ‘द सोडा फाउंटेन’ को सुधार नोटिस*
गांधी मैदान के पूर्वी क्षेत्र में स्थित ‘द सोडा फाउंटेन’ के निरीक्षण में कर्मचारियों की चिकित्सा जांच रिपोर्ट और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाई गई। टीम ने इन कमियों को दूर करने के लिए प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस दिया और जांच के लिए छेना मिठाई का नमूना लेकर खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया है।स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की निगरानी के लिए नियमित निरीक्षण और छापेमारी कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
