प्रेमी से शादी की जिद में 30 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती
पटना.जीरादेई,मैरवा थाना क्षेत्र के पटखौली गांव में मंगलवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेमी से शादी की मांग को लेकर एक युवती करीब 30 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह करीब साढ़े चार घंटे तक टावर पर डटी रही और प्रेमी को मौके पर बुलाकर शादी कराने की जिद पर अड़ी रही।सूर्यपुरा गांव की रहने वाली इस युवती का अपने ही गांव के एक युवक से चार साल से प्रेम संबंध था। प्रेमिका उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन प्रेमी और उसके परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बीच परिजनों ने युवती की शादी दूसरी तय कर दी, जिससे नाराज होकर वह पटखौली गांव पहुंची और मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह करीब साढ़े पाँच बजे खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर टावर पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया और भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही मैरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। आखिरकार पुलिस ने सूर्यपुरा गांव से प्रेमी को मौके पर बुलाया। प्रेमी के टावर पर चढ़कर समझाने के बाद युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले जाकर समझाने का प्रयास कर रही है।