25 केवीए का ट्रांसफॉर्मर चोरी:किसानों की बिजली सप्लाई ठप,अज्ञात पर FIR दर्ज
मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र अंतर्गत उनसर पंचायत सरकार भवन के समीप चौर में कृषि कार्य के लिए लगाया गया 25 केवीए का बिजली ट्रांसफॉर्मर अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया। ट्रांसफॉर्मर चोरी होने से करीब 10 ग्रामीणों की कृषि विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई है। मामले में बिजली विभाग के कनीय अभियंता जितेंद्र कुमार ने बोचहां थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।मामला सोमवार को सामने आया है।
बिजली विभाग की ओर से थाने को दिए गए आवेदन के अनुसार, पंचायत सरकार भवन के पास चौर में 33 केवी कटरा लाइन के समीप लगे 25 केवीए के ट्रांसफॉर्मर से लगभग 10 ग्रामीणों को कृषि कार्य के लिए बिजली की आपूर्ति की जा रही थी। बीते 23 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने ट्रांसफॉर्मर चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर 24 अक्टूबर को ग्रामीणों से सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद कनीय अभियंता ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान ट्रांसफॉर्मर चोरी होने की पुष्टि हुई।
विभागीय आवेदन के मुताबिक, ट्रांसफॉर्मर चोरी की इस घटना से नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को करीब 73,750 रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। वहीं, ट्रांसफॉर्मर चोरी होने से संबंधित किसानों के कृषि कार्य पर भी असर पड़ने की आशंका है।
इधर, बोचहां थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि बिजली विभाग के कनीय अभियंता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है तथा अज्ञात चोरों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
