ढाबा संचालक को गोली मारने के विरोध में सड़क जाम:किया हंगामा, बुलडोजर कार्रवाई की मांग
समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में अपराध की बढ़ती घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. किशनपुर यूसुफ पंचायत स्थित पेट्रोल पंप के पास होटल संचालक को मारपीट कर गोली मारने की दुस्साहसिक घटना के विरोध में शुक्रवार को आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया. बदहवास और गुस्से में भरे ग्रामीणों ने वरुणा पुल चौक के पास सड़क जाम कर दिया. इस प्रदर्शन के कारण एनएच 322 और एसएच 88 पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
NH 322 और एसएच 88 को जाम कर की नारेबाजी
आक्रोशित लोगों ने वरुणा पुल चौक पर आगजनी और बांस-बल्ला लगाकर एनएच 322 और एसएच 88 को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में बेखौफ घूम रहे अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म हो चुका है. दिनदहाड़े ढाबा संचालक पर हमला करने वाले शातिर अपराधियों की पहचान कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए. लोगों ने अपराधियों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन से गुहार लगाई.
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और परिजनों की मांग थी कि घटना में शामिल बदमाशों को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए. आक्रोशित लोगों ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई. इसके साथ ही उन्होंने गंभीर रूप से घायल ढाबा संचालक को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने और इलाज के लिए उचित व्यवस्था करने की अपील भी की ताकि पीड़ित परिवार भयमुक्त हो सके.
तीन घंटे तक थमा रहा यातायात, लगी लंबी कतारें
सड़क जाम के कारण एनएच 322 और एसएच 88 पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह से प्रभावित रहा. दोनों प्रमुख मार्गों के दोनों ओर बस, ट्रक, कार और अन्य छोटी-बड़ी गाड़ियों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं. भीषण जाम के चलते यात्रियों, आम राहगीरों और वाहन चालकों को काफी फजीहत का सामना करना पड़ा. कई एंबुलेंस और जरूरी काम से निकल रहे लोग भी इस जाम के चक्कर में फंसे रहे.
तीन थानों की पुलिस ने दिया आश्वासन, तब खुला जाम
सड़क जाम की सूचना मिलते ही सरायरंजन, मुसरीघरारी और हलई थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिया कि घटना में शामिल बदमाशों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है. पुलिस अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात सामान्य हुआ.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
