समस्तीपुर:पैसे के विवाद में पिता की पीट-पीटकर हत्या:गिरफ्तार
समस्तीपुर के बंगरा थाना क्षेत्र के गौसपुर सरसाना गांव में जमीन भरने के मिले पैसे को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने 70 वर्षीय पिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव के भाग्य नारायण राय के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलने के बाद बंगरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक के आरोपी पुत्र गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के संबंध में मृतक के मंझले पुत्र कपूर कुमार ने बताया कि उनका बड़ा भाई गुड्डू कुमार एक पैर से दिव्यांग है। वह अक्सर पिता के साथ विवाद करता था और मारपीट भी करता था। परिजनों के अनुसार, उसके व्यवहार और गलत हरकतों के कारण उसकी शादी भी नहीं हो सकी है।कपूर कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके पिता ने एक जमीन भरना पर लगाया था। इसके बदले भरना लेने वाले किसान ने उनके पिता को कुछ रुपए दिए। उक्त पैसे में गुड्डू अपना हिस्सा मांग रहा था। इसी बात को लेकर बुधवार को पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गुड्डू ने पिता की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश होकर गिर पड़े।मृतक के पुत्र ने बताया कि घटना के समय वह पास के दुर्गा पूजा पंडाल में कथा सुन रहा था।
जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचा और घायल पिता को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।सके बाद घटना की सूचना बंगरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
सदर डीएसपी सतीश सुमन ने बताया कि प्रथम दृष्टया बेटे की पिटाई के कारण बुजुर्ग की मौत होने की बात सामने आई है। पिता-पुत्र के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
