Patna

हाल्ट पर ट्रेन से उतरते समय फिसला युवक का पैर, 20 वर्षीय प्रिंस कुमार की मौत 

पटना।सीवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड स्थित सरहरी हाल्ट पर सोमवार को ट्रेन से उतरने के दौरान पैर फिसलने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान सराय परौली गांव निवासी स्व. रामदेव प्रसाद के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की मां भागमणि देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

ट्रेन से उतरने के दौरान हुआ हादसा

मृतक के भाई राकेश प्रसाद ने बताया कि प्रिंस महाराजगंज से ट्रेन पर सवार होकर घर लौट रहा था. ट्रेन महाराजगंज से मशरक की ओर जा रही थी. सोमवार दोपहर करीब एक बजे सरहरी हाल्ट पर उतरने के दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह पटरी के नीचे चला गया. हादसे के बाद ट्रेन बिना रुके आगे निकल गई.

 

घटना की सूचना मिलते ही पहुंचे परिजन

कुछ देर बाद गांव के एक व्यक्ति ने घटना की जानकारी परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां युवक की मौत हो चुकी थी. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. प्रिंस दो भाइयों में छोटा था. परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना और पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया.

 

ट्रेन के कम समय तक रुकने से यात्रियों को परेशानी

स्थानीय लोगों ने बताया कि सरहरी हाल्ट पर ट्रेन का निर्धारित ठहराव दो मिनट का है, लेकिन ट्रेन मुश्किल से एक मिनट भी नहीं रुकती है. इस कारण यात्रियों को ट्रेन से उतरने और चढ़ने में परेशानी होती है. लोगों का कहना है कि ट्रेन के कम समय तक रुकने के कारण यहां पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं.स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से सरहरी हाल्ट पर ट्रेन का निर्धारित ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने और उतरने के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए.

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *