समस्तीपुर में फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव:5 माह की बच्ची बेसहारा
Samastipur,शिवाजीनगर प्रखंड के परवन्ना गांव निवासी 20 वर्षीया राधा कुमारी का शव उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत महवा गांव की है।
इस घटना के बाद से मृतका के मायके में कोहराम मच गया है। परिजनों का आरोप है कि राधा की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटकाया गया है।
मकान बनाने के लिए पैसे मांगने का आरोप
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग मकान बनाने के लिए मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहे थे।
मांग पूरी न होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इसी प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी की साजिशन हत्या कर दी गई है।राधा की एक महज 5 महीने की मासूम बच्ची है। मां के अचानक चले जाने से इस दूधमुंही बच्ची के सिर से मां का आंचल छीन गया है। मासूम की देखभाल और उसके भविष्य को लेकर मायके वाले काफी चिंतित हैं। परिजन अपनी लाडली के वियोग में बिलख रहे हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
पीड़ित परिजनों ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषी ससुराल वालों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इसके साथ ही परिजनों ने मासूम बच्ची की सही देखभाल के लिए उचित व्यवस्था कराने की अपील की है।मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है। घटना के असली कारणों और सच्चाई का पता पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
