दलसिंहसराय:बेलारी में 11 हजार वोल्ट का तार टूटा, दिनभर ठप रही बिजली
दलसिंहसराय के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत बेलारी पंचायत के वार्ड संख्या 10 में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. गांव के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज (11kV) की हाई-टेंशन बिजली की तार अचानक टूटकर नीचे गिर गई. इस घटना के बाद से ग्रामीणों में अफरातफरी और दहशत का माहौल बना रहा.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमुआरी नदी किनारे बसे ललित सहनी, दामोदर सहनी, रमेश सहनी सहित कई ग्रामीणों के घरों के ठीक ऊपर से हाई-टेंशन बिजली के तार गुजर रहे हैं. गुरुवार को तीन फेज में से एक फेज का तार अचानक टूटकर गिर पड़ा. गनीमत यह रही कि घटना के समय बारिश हो रही थी, जिससे लोग अपने-अपने घरों के अंदर थे. अन्यथा कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी.
दिनभर गुल रही गांव की बिजली आपूर्ति
तार गिरते ही पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर जुट गए. बेलारी के मुखिया संतोष कुमार झा और राजद नेता कृष्ण कुमार सहनी ने बताया कि हाई-टेंशन तार टूटने के कारण सुबह से लेकर देर शाम तक समूचे गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित रही. बिजली न रहने से ग्रामीणों को दिनभर भीषण समस्याओं का सामना करना पड़ा.
जर्जर तार बदलने की उठी मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर गहरा आक्रोश जताया है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विभागीय पदाधिकारियों से मांग की है कि नदी किनारे और आबादी वाले क्षेत्रों के ऊपर से गुजर रहे सभी पुराने व जर्जर तारों को अविलंब बदला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की खतरनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
