समस्तीपुर:लूटकांड का खुलासा:लूटी बाइक-मोबाइल के साथ 3 बदमाश गिरफ्तार,पिस्टल बरामद
समस्तीपुर में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर लूटकांड का खुलासा कर दिया। बंगरा थाना क्षेत्र के सलेमपुर इतवारी हाट के पास सोमवार रात हथियार के बल पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटी गई बाइक, मोबाइल, नकद राशि के अलावा वारदात में इस्तेमाल बाइक, एक पिस्टल और 4 जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव निवासी रणजीत राय के बेटे कुंदन कुमार, बथुआ सिहमा गांव निवासी हरिचरण राय के बेटे अविनाश कुमार और मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बथुआ बुजुर्ग गांव निवासी राजकुमार राय के बेटे राकेश कुमार के रूप में हुई है।
सदर डीएसपी-1 सतीश सुमन ने बताया कि लूट की घटना के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने बदमाशों के भागने की दिशा में लगातार छापेमारी की।
तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस को आरोपियों के बारे में सुराग मिला। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पिस्टल, जिंदा गोलियां और लूट का सामान बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार, तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
हथियार के बल पर बाइक और मोबाइल लूटा था
बता दें कि 5 अक्टूबर की रात बंगरा थाना क्षेत्र के सलेमपुर इतवारी हाट के पास बाइक सवार बदमाशों ने ताजपुर थाना क्षेत्र के कमतौल गांव निवासी चितरंजन कुमार को हथियार के बल पर रोक लिया था।बदमाशों ने उनसे बाइक, मोबाइल और नकद राशि लूट ली थी। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर बंगरा थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
