संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की पैंट्री कार की जांच, भोजन और स्वच्छता का लिया जायजा
समस्तीपुर: बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की पैंट्री कार की सोनपुर मंडल की ओर से जांच की गयी. स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोनपुर मंडल ने पैंट्री कार, बेस किचन एवं कैटरिंग इकाइयों में विशेष अभियान चलाया. इसका उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन के साथ बेहतर स्वच्छता और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है.
पैंट्री कार और किचन की हुई गहन सफाई
अभियान के दौरान रसोई एवं खाद्य सामग्री से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों की व्यापक सफाई और निरीक्षण किया गया. रसोई की दीवारों, फर्श, एग्जॉस्ट हुड और डक्ट्स से तेल एवं कालिख हटाने के लिए डीग्रीसिंग की गयी. खाना पकाने के उपकरणों, बर्तनों, स्टोरेज रैक और अन्य संबंधित उपकरणों की भी गहन सफाई सुनिश्चित की गयी.
ड्रेनेज और पानी की व्यवस्था की भी जांच
रसोई की ड्रेनेज लाइनों एवं ग्रीस ट्रैप की सफाई की गयी, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और ब्लॉकेज एवं दुर्गंध की समस्या को रोका जा सके. पैंट्री और बेस किचन से जुड़े पेयजल बिंदुओं तथा जल भंडारण टैंकों का भी निरीक्षण किया गया और आवश्यक सफाई करायी गयी.
यात्रियों को मिलने वाले भोजन की व्यवस्था देखी
अभियान के दौरान यात्रियों को उपलब्ध कराये जा रहे भोजन की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया. रेलवे की ओर से स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाए रखने के लिए पैंट्री कार, बेस किचन एवं कैटरिंग इकाइयों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
