Samastipur

36 करोड़ के सोना लूटकांड में समस्तीपुर के युवक पर 2 लाख का इनाम, तस्वीर जारी

समस्तीपुर: झारखंड के जमशेदपुर स्थित गोलमुरी चौक के समीप केनरा बैंक में 24 सितंबर को हुई करीब 36 करोड़ रुपये की सोना लूट की घटना में समस्तीपुर के एक युवक की संलिप्तता सामने आने के बाद झारखंड पुलिस ने उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है. पुलिस ने आरोपित की तस्वीर भी सार्वजनिक की है और आम लोगों से उसके संबंध में जानकारी देने की अपील की है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

आरोपित की पहचान अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता गांव निवासी अरुण कुमार राय के पुत्र प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार के रूप में की गयी है. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद झारखंड पुलिस की एसटीएफ और एसआईटी उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

 

समस्तीपुर में पहले भी हो चुकी है छापेमारी

इससे पहले 28 अगस्त को समस्तीपुर पहुंची झारखंड पुलिस की एसटीएफ ने अंगारघाट और विभूतिपुर थाना क्षेत्र में आरोपित के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की थी. टीम ने स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों से भी आरोपित के संबंध में जानकारी जुटायी थी.

 

पुलिस ने पूर्व में बैंक डकैती और सोना लूट की घटनाओं में शामिल रहे अपराधियों और उनके नेटवर्क के बारे में भी इनपुट एकत्र किया था. पुलिस के अनुसार, बैंक लूट की घटना के बाद प्रियदर्शी समेत अन्य संदिग्ध लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं.

 

तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र के आधार पर झारखंड पुलिस की अलग-अलग टीमें बिहार के समस्तीपुर समेत आसपास के क्षेत्रों और पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर रही हैं. पुलिस ने अब तक मामले में तीन आरोपितों की पहचान स्थापित करने की बात कही है. इनमें समस्तीपुर निवासी प्रियदर्शी को प्रमुख संदिग्ध बताया जा रहा है.

 

24 मिनट में लूट लिये थे 23 किलो सोना और 43 लाख कैश

जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर को मूसलाधार बारिश के दौरान रेनकोट पहने पांच हथियारबंद अपराधी गोलमुरी चौक के पास स्थित केनरा बैंक पहुंचे थे. अपराधियों ने बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और करीब 24 मिनट में वारदात को अंजाम दिया.

 

अपराधी बैंक के आयरन चेस्ट और सेफ में रखे करीब 600 पैकेट में लगभग 23 किलो सोना तथा 43 लाख रुपये नकद लूटकर दो बाइक से फरार हो गये थे. लूटे गये सोने की कीमत करीब 36 करोड़ रुपये बतायी गयी है.पुलिस ने सभी आरोपितों की तस्वीरें जारी कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी में आम लोगों से सहयोग मांगा है.

 

झारखंड की पुरानी सोना लूट की घटनाओं में भी सामने आया समस्तीपुर कनेक्शन

झारखंड में बैंक और सोना लूट की कई घटनाओं में पहले भी समस्तीपुर के अपराधियों का कनेक्शन सामने आने की बात कही गयी है. छह सितंबर 2022 को धनबाद शहर के मुथूट फिनकॉर्प कार्यालय में हुई लूट के मामले में पुलिस ने समस्तीपुर के एक आरोपी को गिरफ्तार किया था.वहीं, तीन सितंबर 2022 को धनबाद के धनसार स्थित गूंजन ज्वेलर्स में हुई सोना लूट के मामले में भी समस्तीपुर के आरोपितों की गिरफ्तारी हुई थी. घटना में प्रयुक्त वाहन भी पुलिस ने बरामद किया था. इन मामलों को देखते हुए झारखंड एसटीएफ मौजूदा जमशेदपुर बैंक लूटकांड में समस्तीपुर कनेक्शन और संभावित अपराधी नेटवर्क की जांच कर रही है.

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *