दरभंगा स्नातक सीट:समस्तीपुर में सर्वेश कुमार के समर्थन में जुटे NDA नेता-कार्यकर्ता
समस्तीपुर: बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार के समर्थन में शनिवार को एनडीए कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक स्थानीय भाजपा जिला कार्यालय में हुई. बैठक में भाजपा, जदयू सहित एनडीए के विभिन्न घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनावी तैयारियों एवं जनसंपर्क अभियान को लेकर रणनीति पर चर्चा की.
बैठक में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी गतिविधियों में सक्रिय होने और मतदाताओं तक प्रत्याशी का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया. नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची के आधार पर क्षेत्रवार जनसंपर्क अभियान चलाया जायेगा. कार्यकर्ताओं को अनुशासन के साथ चुनावी गतिविधियां संचालित करने और मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी.
शिक्षा, रोजगार और जनकल्याण के मुद्दों पर चर्चा
बैठक में बिहार सरकार की ओर से शिक्षा, रोजगार, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में किये गये कार्यों को मतदाताओं के बीच पहुंचाने पर भी चर्चा हुई. शिक्षा और शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया.
एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार ने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रतिनिधित्व का अवसर मिलने पर महाविद्यालयों और कॉलेजों में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े लंबित मामलों को सदन में उठाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने शिक्षकों और स्नातकों से जुड़े आवश्यक विषयों को उचित मंच पर रखने तथा उनके समाधान के लिए पहल करने की बात कही.
भाजपा-जदयू समेत घटक दलों के नेता रहे मौजूद
बैठक की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष डॉ. दुर्गेश राय और भाजपा जिला अध्यक्ष शशिधर झा ने की. संचालन भाजपा जिला महामंत्री सुनील कुमार गुप्ता ने किया.
मौके पर एमएलसी डॉ. तरुण कुमार, विधायक वीरेंद्र कुमार, राजेश कुमार सिंह, सुशील चौधरी, लोजपा रामविलास के जिलाध्यक्ष अनुपम सिंह, हम के जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष निशांत कुमार, शशिकांत आनंद, विमला सिंह, प्रो. शील कुमार राय, प्रो. अमरेन्द्र प्रसाद सिंह, संजीव साह, अनंत कुशवाहा, वैद्यनाथ झा, वीरेंद्र यादव, नीरज भारद्वाज, कृष्ण गोपाल शर्मा, मुकेश कुमार सिंह, विमल कुमार गोलू, अमरेश साह सुमित समेत बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार को भाजपा ने 2026 के विधान परिषद चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
