मुख्यमंत्री ने अगले 48 घंटों तक विशेष निगरानी को कहा:वायुसेना की मदद ली जा रही,अलर्ट
पटना,राज्य में नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर सरकार पूरी तरह अलर्ट है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अगले 48 घंटों तक विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं।बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए एयरफोर्स की मदद ली जा रही है। वायुसेना के दो हेलीकॉप्टरों से राहत सामग्री के पैकेटों को एयर ड्रॉप किया जाने लगा है।
गुरुवार को सारण के पानापुर प्रखंड में ड्राई राशन को एयर ड्रॉप के लिए पटना एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। सारण जिला प्रशासन ने अतिरिक्त राशन पैकेट्स की मांग की। जिसके बाद गोरखपुर से हेलीकॉप्टर मंगवाकर राहत सामग्री भेजी गई।
इधर, मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में सूखा राशन पैकेजिंग सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने राहत सामग्रियों की गुणवत्ता की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि पैकेट में चूड़ा, चना, सत्तू, चीनी, मसाला, ओआरएस, माचिस, मोमबत्ती सहित अन्य जरूरी चीजें हैं।सीएम ने निर्देश दिया कि राहत सामग्रियों के वितरण में कोताही न हो। बाढ़ पीड़ितों को समय पर खाद्य पदार्थ व जरूरी सामान मुहैया कराए जाएं। इस दौरान मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार आदि मौजूद रहे।
सम्राट ने कहा- गंगा, गंडक, सोन में इस बार रिकॉर्ड पानी आया
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जेपी गंगापथ पहुंचकर गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजनों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें और लगातार निगरानी करते रहें।सीएम ने कहा कि इस बार गंगा, गंडक और सोन नदी में रिकॉर्ड पानी आया है। ऐसी स्थिति तब है जब इस बार बिहार में सामान्य से 32 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बाढ़ पीड़ितों के लिए सरकार पूरी तरह से मुस्तैद है। सरकार की तरफ से राहत एवं बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं।
बाढ़ के हालात पर लगातार निगरानी : अशोक
पटना| जदयू प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान मंत्री अशोक चौधरी और मदन सहनी ने लोगों की शिकायतें सुनीं। मीडिया से बातचीत में अशोक चौधरी ने बताया कि नेपाल में भारी बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बनी है।
उनके अनुसार सरकार हालात को लेकर सतर्क है और लगातार निगरानी कर रही है, ताकि जान-माल का नुकसान न्यूनतम रहे। मदन सहनी ने कहा कि सरकार मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप राहत और बचाव अभियान चला रही है तथा प्रभावित इलाकों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
