बेगूसराय होटल कांड में दो आरोपित न्यायिक हिरासत में,भेजे गये जेल
बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र के होटल ब्लू डायमंड में महिला के साथ कथित दुष्कर्म, मारपीट, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने और जान से मारने की कोशिश के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया. प्रभारी सीजेएम विवेक चंद्र वर्मा के न्यायालय में पेशी के बाद दोनों आरोपितों रोहित सहनी और विक्रम सहनी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेगूसराय जेल भेज दिया गया.
दोनों आरोपितों को पुलिस ने न्यायालय में किया पेश
जिला अभियोजन पदाधिकारी मदन मोहन दास के अनुसार, दोनों आरोपितों के विरुद्ध पुलिस को पुख्ता साक्ष्य मिले हैं. नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु के नेतृत्व में पुलिस टीम दोनों आरोपितों को लेकर न्यायालय पहुंची, जहां न्यायालय के आदेश के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
27 सितंबर को महिला को होटल ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि 27 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे पीड़िता स्वयं सहायता समूह में दिये गये लोन के पैसे की वसूली के लिए घर से निकली थी. इसी दौरान आरोपित विक्रम सहनी उसे मोटरसाइकिल से अलका सिनेमा के पास ले गया. वहां दूसरा आरोपित रोहित कुमार सहनी पहले से मौजूद था.
आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपित महिला को होटल ब्लू डायमंड ले गये, जहां उसके साथ मारपीट की गयी और जबरदस्ती दुष्कर्म किया गया. मामले में अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने तथा जान से मारने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है.
होटल का सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने किया प्राप्त
पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. अनुसंधान के दौरान पुलिस ने होटल ब्लू डायमंड से 27 सितंबर का सीसीटीवी फुटेज प्राप्त किया है. पुलिस घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.
पीड़िता का मेडिकल और 164 के तहत बयान दर्ज
पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल जांच कराया जा चुका है. इसके अलावा न्यायालय के समक्ष भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 164 के तहत उसका बयान भी दर्ज कराया गया है.
बीएनएस और आइटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी
मामले में नगर थाना कांड संख्या 451/26 दर्ज की गयी है. प्राथमिकी बीएनएस की धारा 127(2), 115(2), 74, 76, 64, 3(5) तथा आइटी एक्ट की धारा 66(सी), 66(डी) और 67 के तहत दर्ज की गयी है.पुलिस के अनुसार, आरोपित विक्रम कुमार सहनी लोहियानगर का निवासी है, जबकि दूसरा आरोपित रोहित कुमार सहनी भगवानपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है. मामले में पुलिस की जांच जारी है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
