दलसिंहसराय:जलजमाव पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पानी में उतरकर किया प्रदर्शन
दलसिंहसराय:विद्यापतिनगर प्रखंड के बढ़ौना गांव की मुख्य सड़क पर वर्षों से जमा पानी ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है. समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों का सब्र बुधवार को टूट गया. आक्रोशित ग्रामीण पानी से लबालब सड़क पर उतर गये और प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया. इससे स्कूल, कॉलेज, रेलवे स्टेशन समेत अन्य प्रमुख स्थानों तक आने-जाने वाला आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया.
200 मीटर सड़क पर लंबे समय से जलजमाव
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जलजमाव की समस्या केवल बरसात के दिनों तक सीमित नहीं है. गर्मी के उमस भरे मौसम में भी यहां पानी जमा रहता है. करीब 200 मीटर हिस्से में लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण सड़क की स्थिति बदहाल हो गयी है.ग्रामीणों के अनुसार, लगातार जलजमाव के कारण आसपास रहने वाले लोगों को नारकीय परिस्थितियों में जीवन बिताना पड़ रहा है. पानी जमा रहने से संक्रमणजनित बीमारियों का खतरा भी बना रहता है. सड़क पर आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होने की बात भी ग्रामीणों ने कही.
स्कूल-कॉलेज और रेलवे स्टेशन का रास्ता प्रभावित
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क इलाके के लोगों के लिए रोजमर्रा की जरूरतों की मुख्य लाइफलाइन है. इसी मार्ग से लोग बाजार, स्कूल, कॉलेज, रेलवे स्टेशन और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचते हैं. सड़क पर पानी जमा रहने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है.ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी और सड़क की समस्या को लेकर वर्षों से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगायी जाती रही है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई. इससे नाराज ग्रामीणों ने सड़क के जीर्णोद्धार और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया.
ग्रामीणों ने सड़क जाम को अनिश्चितकालीन बताते हुए कहा कि जब तक जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक जाम जारी रहेगा. समाचार लिखे जाने तक संबंधित पदाधिकारियों अथवा जनप्रतिनिधियों के मौके पर पहुंचने की सूचना नहीं थी.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
