स्ट्रीट वेंडर्स के संरक्षण व वेंडिंग जोन निर्माण के लिए दलसिंहसराय एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
दलसिंहसराय,नगर परिषद क्षेत्र में बिना वैधानिक प्रक्रिया अपनाए रेहड़ी, ठेला और स्ट्रीट वेंडर्स को हटाए जाने के विरोध में जिला असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष फैज अहमद फैज के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार को मांग पत्र सौंपा. संगठन ने ‘पथ विक्रेता जीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन अधिनियम, 2014’ का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की है.
आवेदन देते हुए उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में वैज्ञानिक आधार पर तुरंत वेंडिंग जोन का निर्धारण करने,स्ट्रीट वेंडर्स का नियमानुसार सर्वेक्षण करवाकर उन्हें वेंडिंग प्रमाणपत्र एवं पहचान-पत्र निर्गत करने,धारा 18 के तहत टाउन वेंडिंग कमेटी का विधिसम्मत गठन और संचालन सुनिश्चित करने,धारा 22 और न्यायालय के आदेशों के अनुसार,बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था और कानूनी प्रक्रिया के किसी भी स्ट्रीट वेंडर को विस्थापित न करने की मांग की.
संगठन के नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे अवैध अतिक्रमण का समर्थन नहीं करते,बल्कि संसद द्वारा पारित अधिनियम के तहत वेंडर्स की आजीविका और संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा के साथ-साथ सुव्यवस्थित शहरी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं.प्रतिनिधि मंडल में गोपाल प्रसाद,उदय कांत चौधरी,अवधेश कुमार,मोहम्मद सैकुल, धीरेन्द्र कुमार राय,अरूण कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
