गया जी पितृपक्ष मेले की तैयारी पूरी, विष्णुपद से मेला क्षेत्र तक सजा; 2500 क्षमता की टेंट सिटी
पटना. गया जी।भगवान विष्णु की पावन नगरी और पितरों की मोक्ष भूमि गया जी धाम में राजकीय पितृपक्ष मेला महासंगम 2026 का 25 सितंबर से आगाज हो रहा है. बिहार सरकार के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा इस मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. इस मेले का विधिवत उद्घाटन 25 सितंबर को बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे.
इस मेले के उद्घाटन को लेकर विष्णुपद प्रांगण में भव्य पंडाल बनाया गया है जो पूरी तरह सज धज कर तैयार है. उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता सहित कई अन्य मंत्री, सांसद व विधायकों को आमंत्रित किया गया है.
व्यवस्था को बेहतर करने का किया गया प्रशासनिक प्रयास
बीते वर्ष के पितृपक्ष मेले में हुई कमियों का अनुभव करते हुए प्रशासनिक स्तर पर इस बार व्यवस्था को और बेहतर करने का प्रयास किया गया है. फल्गु नदी के पूर्वी व पश्चिमी तट स्थित सीताकुंड, देवघाट, गदाधर घाट, गायत्री घाट, संगत घाट व अन्य सभी घाटों पर पर्याप्त आकार में सुसज्जित पंडाल बनवाया गया है. वेदी स्थलों के साथ-साथ शहर के अधिकतर दीवारों पर कराया गया आकर्षक चित्रकारी
मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को यहां की धार्मिक आध्यात्मिक महत्व की सही जानकारी मिल सके इस निमित्त जिला प्रशासन द्वारा बेदी स्थलों के साथ-साथ शहर के अधिकतर दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी कराया गया है.
वर्ष 2014 में इसे राजकीय मेला का मिला था दर्ज
वर्ष 2014 में इस मेले को राजकीय मेले का दर्जा बिहार सरकार द्वारा मिलने के बाद इसके स्वरूप में काफी बदलाव आने लगा है. आदिकाल से आयोजित होने वाले इस मेले में देश-विदेश से लाखों तीर्थयात्री यहां आते हैं. तीर्थयात्रियों को समुचित बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा इस बार भी फल्गु नदी के देवघाट, विष्णुपद, ब्रह्मसत सरोवर, वैतरणी सरोवर सहित अन्य सभी वेदी स्थलों पर पितरों के मोक्ष की कामना को लेकर देश-विदेश से पिंडदान, श्राद्धकर्म व तर्पण के निमित्त आने वाले तीर्थयात्रियों को धूप व बरसात से बचाव के लिए भव्य पंडाल बनवाया गया है.
विष्णुपद सहित अन्य सभी प्रमुख मेला क्षेत्रों को बल्बों से सजाया भी जा रहा है. साथ ही पिंडदान के कर्मकांड से जुड़ी इनफॉरमेशन के लिए प्रशासनिक स्तर पर मेला क्षेत्रों के अलावा रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव, वाहन पार्किंग स्थलों सहित शहर के प्रमुख सड़कों पर पर्याप्त संख्या में बैनर, पोस्टर व होर्डिंग भी लगाये गये हैं.
गांधी मैदान में 25 सौ आवासन क्षमता का बनाया गया टेंट सिटी
17 दिनों तक आयोजित होने वाले इस मेले में देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के आवासान के लिए बिहार सरकार के पर्यटन विभाग व जिला प्रशासन द्वारा गांधी मैदान में 25 सौ यात्रियों के आवासन की क्षमता से युक्त टेंट सिटी बनवाया गया है, जहां सभी बुनियादी सुविधाएं यात्रियों को सुलभ करायी जायेगी.
इसके अलावा शहर के 59 विद्यालयों में भी आवासन की व्यवस्था प्रशासनिक स्तर पर की गयी है. पुलिस सहायता केंद्र, नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, नि:शुल्क सहायता शिविर पर्याप्त संख्या में जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र के अलावा शहर के प्रमुख पथों में अस्थायी रूप से लगाया गया है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
