21 सितंबर से पटना से मसौढ़ी और जहानाबाद जाना होगा आसान,नई AC बस की टाइमिंग और किराया देखें
पटना में महिलाओं के लिए चल रही पिंक बस सेवा अब शहर से बाहर के इलाकों तक पहुंचने जा रही है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने पटना से हुलासगंज के बीच एसी पिंक बस चलाने की तैयारी पूरी कर ली है. इस नई सेवा से पटना से मसौढ़ी और जहानाबाद की तरफ जाने वाली महिलाओं को भी सीधा सफर करने का विकल्प मिलेगा.
नई बस सेवा की शुरुआत 21 सितंबर 2026 से होगी. BSRTC ने इस रूट पर बस चलाने से पहले ट्रायल भी कर लिया है. अब नियमित सेवा शुरू करने की तैयारी है. बस पटना के गांधी मैदान से रवाना होगी और रास्ते में तय जगहों पर रुकते हुए हुलासगंज पहुंचेगी.
रोज सफर करने वाली महिलाओं को मिलेगी सुविधा
पटना और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में महिलाएं नौकरी, पढ़ाई और दूसरे जरूरी कामों के लिए रोजाना सफर करती हैं. मसौढ़ी और जहानाबाद की तरफ जाने वाली ऐसी यात्रियों के लिए यह नई सेवा खास तौर पर उपयोगी होगी. कामकाजी महिलाओं के साथ छात्राओं को भी इस रूट पर बस सेवा का फायदा मिलेगा.
BSRTC ने शुरुआत में इस रूट पर सिर्फ एक AC Pink Bus लगाने का फैसला किया है. आगे यात्रियों की जरूरत और मांग के आधार पर बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है. यानी शुरुआत एक बस से होगी, लेकिन यात्रियों की प्रतिक्रिया के हिसाब से सेवा का विस्तार किया जा सकता है.
गांधी मैदान से शुरू होगा सफर
इस बस से यात्रा करने वाली महिलाओं को पटना में गांधी मैदान से बस मिलेगी. इसके बाद बस जीरो माइल, आईएसबीटी, संपतचक, बेलदारी चक, बीर और धनरुआ होते हुए आगे जाएगी. रूट में कोल्हाचक, मसौढ़ी और जहानाबाद भी शामिल हैं. अंतिम पड़ाव हुलासगंज होगा.इस तरह पटना से निकलने के बाद बस एक ही रूट पर कई प्रमुख जगहों को जोड़ेगी. इससे बीच के इलाकों में रहने वाली महिलाएं भी अपनी जरूरत के हिसाब से इस सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगी.
किस जगह तक कितना देना होगा किराया
BSRTC ने इस एसी पिंक बस के लिए दूरी के हिसाब से अलग-अलग किराया तय किया है. गांधी मैदान से जीरो माइल तक जाने पर 25 रुपये, आईएसबीटी तक 30 रुपये, संपतचक तक 40 रुपये, बेलदारी चक तक 61 रुपये और बीर तक 71 रुपये किराया लगेगा. धनरुआ के लिए 82 रुपये और कोल्हाचक के लिए 91 रुपये तय किए गए हैं. वहीं मसौढ़ी तक जाने के लिए 104 रुपये, जहानाबाद तक 120 रुपये और हुलासगंज तक पहुंचने के लिए 155 रुपये देने होंगे.नई सेवा की खास बात यह है कि पिंक बस का रूट सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रहेगा. बस मसौढ़ी और जहानाबाद होते हुए हुलासगंज तक जाएगी. इससे इस पूरे रूट पर आने-जाने वाली महिलाओं और छात्राओं को एक अतिरिक्त बस विकल्प मिलेगा.
निगम की योजना के मुताबिक फिलहाल एक बस से परिचालन शुरू किया जाएगा. अगर इस सेवा में यात्रियों की संख्या बढ़ती है और अतिरिक्त बसों की जरूरत महसूस होती है, तो आगे इसकी संख्या बढ़ाई जा सकती है. इस तरह आने वाले समय में पटना से आसपास के शहरों तक पिंक बस सेवा का दायरा और बढ़ सकता है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
