BSSC परीक्षा फॉर्म भरने के तीन साल बाद भी नहीं हुआ एग्जाम,सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी, बैरिकेडिंग पर चढ़े
पटना : BSSC परीक्षा फॉर्म भरने के करीब तीन साल बाद भी परीक्षा नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को पटना में शुरू हो गया. गांधी मैदान के गेट नंबर 12 से अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आये. भारी बारिश के बीच बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. हाथों में तिरंगा लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं.
बैरिकेडिंग पर चढ़े अभ्यर्थी
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी पुलिस की ओर से की गयी बैरिकेडिंग के पास पहुंच गये और कई अभ्यर्थी बैरिकेडिंग पर चढ़ते नजर आये. अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से परीक्षा का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अब तक परीक्षा आयोजित नहीं की गयी है. इसी के विरोध में वे सड़क पर उतरने को मजबूर हुए हैं.
बैरिकेडिंग कर पुलिस ने रोका
अभ्यर्थियों ने कहा- आंदोलन आगे नहीं बढ़ने दिया तो यहीं रहेंगे
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर उनके आंदोलन को आगे नहीं बढ़ने दिया गया, तो वे लोग यहीं रहेंगे. अभ्यर्थियों ने इसे अपना मौन आंदोलन बताया है. उनका कहना है कि वे अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं.
बोले- सरकार भूखे मरना चाहती है, पुलिस ही मार दे
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों में काफी आक्रोश भी दिखा. एक अभ्यर्थी ने कहा, “सरकार भूखे मरना चाहती है, पुलिस ही मार दे.” अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्षों से परीक्षा का इंतजार करने के बाद भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से उनका भविष्य अधर में है.
भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
डाकबंगला और जेपी गोलंबर पर भारी पुलिस बल
अभ्यर्थियों के आंदोलन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. डाकबंगला और जेपी गोलंबर इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है. पुलिसकर्मी हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और ढाल समेत दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ तैनात हैं. प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गयी है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
