घर पर बाहर से ताला,अंदर छिपा था लोजपा नेता अंटू ईश्वर,तीन घंटे की घेराबंदी के बाद STF ने फिल्मी अंदाज में दबोचा
समस्तीपुर : घर के बाहर ताला लटका था, लेकिन पुलिस को यकीन था कि जिस शख्स की तलाश है, वह घर के अंदर ही छिपा बैठा है। फिर शुरू हुई घेराबंदी, तलाशी और करीब तीन घंटे की मशक्कत।
आखिरकार STF ने घर के अंदर छिपे सिनेमा कारोबारी सह लोजपा नेता रोहित ईश्वर उर्फ अंटू को खोज निकाला और पुलिस की गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गई। हत्या के एक मामले में हुई इस कार्रवाई ने मंगलवार की शाम बहादुरपुर इलाके में सनसनी फैला दी।पूरी घटना समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित अंटू ईश्वर के आवास पर मंगलवार की शाम STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम अचानक पहुंची। टीम करीब पांच गाड़ियों से मौके पर पहुंची और पूरे घर को चारों तरफ से घेर लिया। बाहर से घर पर ताला लगा हुआ था, लेकिन पुलिस को सूचना मिली थी कि अंटू घर के अंदर मौजूद है।इसके बाद पुलिस टीम ने घर की सघन तलाशी शुरू की।
करीब दो घंटे तक टीम घर के अंदर मौजूद रही। एक-एक कमरे और संभावित ठिकानों की तलाशी के बाद पुलिस ने आखिरकार अंटू ईश्वर को खोज निकाला। इसके बाद उसे पुलिस की गाड़ी में बैठाकर मौके से रवाना हो गई।कार्रवाई के दौरान STF के साथ नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार और स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा। बताया जा रहा है कि पुलिस पिछले कई दिनों से अंटू ईश्वर की तलाश में जुटी थी। करीब एक सप्ताह पहले भी उसके ठिकाने पर छापेमारी की गई थी, लेकिन उस समय पुलिस को सफलता नहीं मिली थी। इसके बाद से ही पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि अंटू अपने बहादुरपुर स्थित घर में मौजूद है। सूचना मिलते ही STF और स्थानीय पुलिस की टीम ने पूरी तैयारी के साथ घर की घेराबंदी कर दी। काफी देर तक चली कार्रवाई के बाद उसकी गिरफ्तारी कर ली गई।डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि वैशाली जिले से जुड़े एक हत्या के मामले में अंटू ईश्वर की गिरफ्तारी की गई है। कार्रवाई STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने की है।दरअसल, 18 फरवरी को गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र में एक कार से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। बाद में शव की पहचान जहानाबाद निवासी भानू के रूप में हुई। पुलिस की जांच में इस हत्या का कनेक्शन 17 फरवरी की देर शाम सिनेमा हॉल संचालक पर हुई गोलीबारी की घटना से जुड़ता सामने आया था।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
