Samastipur:सांड के हमले में घायल मजदूर की पटना में मौत
Samastipur.सिंघिया.प्रखंड अंतर्गत रामपुर बहोर गांव निवासी 45 वर्षीय मजदूर भोलाराम की रविवार सुबह पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पांच दिन पूर्व सांड की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें बचाने के लिए कई अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। रविवार को मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के चाचा ने बताया कि करीब पांच दिन पहले भोलाराम सांड की चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गया था। घटना के बाद परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए रोसड़ा के शर्मा अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें दरभंगा के अरबी मेमोरियल अस्पताल ले गए। वहां भी इलाज के बाद स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें रेफर कर दिया गया।
परिजन इसके बाद भोलाराम को पटना के ही एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। लेकिन रविवार की सुबह उनकी मौत हो गई। भोलाराम का शव एंबुलेंस से रविवार को गांव पहुंचा। शव के घर पहुंचते ही परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि भोलाराम परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वह मजदूरी कर पत्नी और तीन छोटे बच्चों का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं, जो अभी छोटे हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
