शादीशुदा प्रेमी युगल कोर्ट मैरिज करने पहुंचा:पीछे-पीछे पहुंच गए पति-पत्नी; कोर्ट में हाई-वोल्टेज ड्रामा- नोकझोंक
सहरसा में व्यवहार न्यायालय के समीप उस वक्त हंगामा मच गया, जब दो शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका कथित तौर पर कोर्ट मैरिज के लिए पहुंचे।दोनों के कोर्ट पहुंचने की भनक उनके जीवनसाथियों को लग गई। इसके बाद महिला का पति और पुरुष की पत्नी अपने-अपने परिजनों के साथ न्यायालय परिसर के पास पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, महिला और पुरुष दोनों पहले से शादीशुदा हैं और अपने-अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों काफी समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे। धीरे-धीरे उनकी नजदीकियां बढ़ीं और दोनों ने शादी करने का फैसला लिया।शुक्रवार को दोनों के घर से निकलकर कोर्ट जाने की जानकारी उनके जीवनसाथियों को मिल गई। इसके बाद दोनों के पति-पत्नी अपने परिजनों के साथ उनका पीछा करते हुए व्यवहार न्यायालय के समीप पहुंच गए।
कोर्ट परिसर के पास दोनों पक्षों का आमना-सामना होते ही माहौल गरमा गया। पति-पत्नी ने दोनों को साथ पकड़ लिया। इसके बाद आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।कोर्ट परिसर के समीप हुए इस हंगामे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। वहां मौजूद मुवक्किल और अधिवक्ता भी कुछ देर के लिए अपनी फाइलें छोड़कर पूरे घटनाक्रम को देखने लगे। मौके पर काफी देर तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
मीडिया के सवालों पर चुप रहा प्रेमी जोड़ा
मौके पर मौजूद मीडिया ने जब महिला और पुरुष से पूरे मामले को लेकर बातचीत करने की कोशिश की, तो दोनों ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। दोनों के कोर्ट पहुंचने की वास्तविक वजह और वे किस कानूनी प्रक्रिया के तहत वहां पहुंचे थे, यह स्पष्ट नहीं हो सका।
वीडियो बनाए जाने की भी चर्चा
घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाए। बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो स्थानीय स्तर पर चर्चा में है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिख रहे पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस को नहीं मिला लिखित आवेदन
मामले को लेकर सहरसा सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि ऐसी किसी घटना की लिखित जानकारी फिलहाल पुलिस को नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों वास्तव में कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया के लिए पहुंचे थे या किसी अन्य कानूनी काम से न्यायालय आए थे। साथ ही, हंगामे के बाद किसी पक्ष की ओर से थाने या अदालत में शिकायत दी गई है या नहीं, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
