Darbhanga

छात्रा से छेड़खानी पर ग्रामीणों ने घेरा स्कूल,शिक्षक गिरफ्तार, एचएम से मांगा स्पष्टीकरण

दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की भरहुल्ली पंचायत स्थित राजकीय मध्य विद्यालय कोरा में बुधवार को छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा कथित छेड़खानी की घटना के बाद जमकर हंगामा हुआ. आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर का घेराव कर विरोध जताया और आरोपित शिक्षक को उनके हवाले करने की मांग की. घटना के बाद आरोपित शिक्षक राजेश पासवान के फरार होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण और आक्रोशित हो गये.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक बिकटूरिया मोची और शिक्षक विजय पासवान पर आरोपित शिक्षक को भगाने में मदद करने का आरोप लगाया और दोनों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की.

कई थानों की पुलिस पहुंची

हंगामे की सूचना पर पहले डायल 112 की टीम विद्यालय पहुंची. इसके बाद सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष वसंत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन को भी घेर लिया. ग्रामीण कार्यालय में बंद एचएम और शिक्षक को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे.

 

पुलिस ने कार्यालय के गेट पर भीड़ को रोककर स्थिति नियंत्रित की. माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2, सीओ अंकुर राय, सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार समेत अन्य थानों से पुलिस बल कोरा पहुंचा. इसके बाद स्थिति शांत हुई.

 

दो अन्य छात्राओं ने भी की शिकायत

परिजनों के अनुसार, वर्ग चार की छात्रा घर पहुंची और रोते हुए शिक्षक राजेश पासवान पर कक्षा संचालन के दौरान छेड़खानी करने का आरोप लगाया. इसके बाद दो अन्य छात्राओं ने भी शिक्षक के खिलाफ शिकायत की.ग्रामीणों का आरोप है कि मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया गया. इसी बीच बड़ी संख्या में लोग विद्यालय पहुंच गये. जिपस ओम प्रकाश ठाकुर, मुखिया प्रतिनिधि दिनेश यादव, सरपंच प्रतिनिधि ललित यादव समेत अन्य लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया.

 

पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी, आरोपित शिक्षक गिरफ्तार

सदर एसडीपीओ के कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए. पुलिस ने आरोपित शिक्षक राजेश पासवान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. सिमरी थाना पुलिस की मदद से आरोपित शिक्षक को भराठी से गिरफ्तार कर लिया गया.

 

विद्यालय पहुंचे बीइओ विनोद कुमार ने बताया कि आरोपित शिक्षक के निलंबन की अनुशंसा वरीय अधिकारी से की जा रही है. वहीं, एचएम बिकटूरिया मोची और शिक्षक विजय पासवान से आरोपित शिक्षक को भगाने के आरोप को लेकर स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है.घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है. लोगों का कहना था कि शिक्षकों का आचरण बच्चों के लिए महत्वपूर्ण है और ऐसी घटना से छात्रों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *