विद्यापतिनगर में वाया नदी के उफान से 11 वार्डों में बाढ़:11 सामुदायिक किचेन शुरू किए गए
दलसिंहसराय.विद्यापतिनगर प्रखंड में गंगा की सहायक वाया नदी का पानी तीसरे दिन भी चार पंचायतों के 11 वार्डों में फैला हुआ है। नदी के बढ़ते जलस्तर से हजारों लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
निचले इलाकों में घरों के आसपास पानी जमा होने से लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी हो रही है। ग्रामीण सड़कों पर पानी और कीचड़ के कारण आना-जाना मुश्किल हो गया है।
खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान हुआ है। इसके साथ ही पशुपालकों को मवेशियों के लिए चारे की भी दिक्कत हो रही है। बाढ़ के तीसरे दिन अब लोगों को भोजन और जरूरी सामान की चिंता होने लगी है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने रविवार शाम से बाढ़ प्रभावित इलाकों में 11 जगहों पर कम्युनिटी किचन शुरू किए हैं। इसका मकसद बाढ़ से प्रभावित परिवारों को उनके पास ही भोजन उपलब्ध कराना है।
अंचल अधिकारी कुमार हर्ष ने बताया कि वाजिदपुर पंचायत में चार, बालकृष्णपुर मड़वा में दो, मऊ धनेशपुर दक्षिण में एक और शेरपुर ढेपुरा पंचायत में चार जगहों पर कम्युनिटी किचन शुरू किए गए हैं। यहां बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन तैयार कर बांटा जा रहा है।
बाढ़ से इंसानों के साथ मवेशियों के सामने भी चारे की दिक्कत हो गई है। पानी भरने के कारण पशुपालकों को हरा चारा जुटाने में परेशानी हो रही है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में मवेशियों के लिए पशु चारा भी दिया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी कम होने तक भोजन, चारा और आने-जाने की व्यवस्था को लगातार जारी रखना जरूरी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
