समस्तीपुर जिले के राकेश राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयनित
समस्तीपुर.शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य के उत्कृष्ट शिक्षकों को मिलने वाले राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए बिहार के 38 शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें समस्तीपुर जिले के राकेश कुमार, विशिष्ट शिक्षक, प्राथमिक कन्या विद्यालय लक्ष्मीपुर, रोसड़ा भी शामिल हैं।
चयनित शिक्षकों को 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के मौके पर पटना में सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार चयनित सभी शिक्षकों को 5 सितंबर को पूर्वाह्न 8 बजे तक श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में उपस्थित होकर पुरस्कार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने चयनित शिक्षकों को पुरस्कार के लिए चयनित होने की सूचना देते हुए समारोह में समय पर पहुंचने का अनुरोध किया है।राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों की सूची सभी जिलाधिकारियों को भी भेजी गई है। विभाग ने क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि चयनित शिक्षकों को अपने स्तर से सम्मान समारोह स्थल तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। समस्तीपुर के राकेश कुमार के चयन से शिक्षा जगत में खुशी है। वे रोसड़ा स्थित प्राथमिक कन्या विद्यालय लक्ष्मीपुर में विशिष्ट शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षक दिवस पर राज्य स्तर पर सम्मानित होने वाले 38 शिक्षकों में उनका नाम शामिल होना जिले के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।