Vaishali

ससुराल जाने के लिए घर से निकला युवक, ओवरटेक के दौरान पीछे से ट्रक ने रौंदा

वैशाली: पातेपुर के बलिगांव थाना क्षेत्र के एनएच-28 स्थित चिकनौटा चौक के पास रविवार की देर रात तेज रफ्तार मिनी ट्रक की ठोकर से बाइक सवार 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के गनीपुर बेझा गांव निवासी राम लक्षण राम के पुत्र अशोक राम के रूप में हुई है. हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

घटनास्थल पर मौत, परिजनों ने जाने से किया था मना

स्थानीय लोगों के अनुसार अशोक राम बाइक से अपनी साइड में ताजपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रहे मिनी ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक काफी दूर तक घसीटती चली गयी और युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.

 

मुजफ्फरपुर के सकरा निवासी था अशोक

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गये. युवक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी. देर रात पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया.

 

ससुराल जाने से परिजनों ने किया था मना

मृतक के परिजनों ने बताया कि अशोक राम रविवार की देर रात अपने घर से समस्तीपुर जिले के सातनपुर स्थित ससुराल जाने के लिए निकला था. परिजनों ने उसे रात में ससुराल जाने से मना किया था, लेकिन वह नहीं माना और बाइक लेकर घर से निकल गया.

 

घर से निकलने के कुछ ही देर बाद परिवार को उसके सड़क हादसे में मौत की सूचना मिली. परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो अशोक को मृत देखकर कोहराम मच गया.

 

ग्रामीणों ने ट्रक को खदेड़कर पकड़ा

हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा. स्थानीय लोगों ने पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया, हालांकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा. पुलिस ने देर रात दुर्घटना में शामिल मिनी ट्रक को जब्त कर लिया.

 

हाइवे पर शव रख ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद अशोक का शव गांव पहुंचा तो लोगों में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने शव को घटनास्थल के पास हाईवे पर रखकर सड़क जाम कर दिया. जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

 

मुआवजा के आश्वासन पर जाम हटा

सूचना मिलते ही बलिगांव थानाध्यक्ष राम निवास कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया. ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने कुछ ही देर में सड़क जाम हटा दिया.

 

प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुटी पुलिस

बलिगांव थानाध्यक्ष राम निवास कुमार ने बताया कि चिकनौटा चौक के पास मिनी ट्रक की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत हुई थी. मृतक मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के गनीपुर बेझा गांव का रहने वाला था. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. परिजन के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.)

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *