Dalsinghsarai

विद्यापतिधाम रेलवे परिसर में चला बुलडोजर, अतिक्रमण पर रेल पुलिसकी हुई कार्रवाई

दलसिंहसराय /विद्यापतिनगर।पूर्व मध्य रेलवे के हाजीपुर – बछवाड़ा रेलखंड पर अवस्थित विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन और स्मारक चौक के आसपास रेलवे की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से दुकानों के आगे बनाए गए टीन शेड और अन्य अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान आरपीएफ, जीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस के जवान तैनात रहे। रेलवे प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों को करीब पांच दिन पहले नोटिस जारी कर रेलवे की जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

नोटिस मिलने के बाद अधिकांश दुकानदारों ने स्वयं ही दुकानों के आगे किए गए अस्थायी निर्माण को हटा लिया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद मंगलवार को रेलवे की टीम विद्यापतिधाम पहुंची और शेष बचे अतिक्रमण को जेसीबी से हटाया।

स्मारक चौक के समीप कुछ दुकानों के आगे टीन शेड और अन्य अस्थायी निर्माण अब भी मौजूद थे। रेलवे की टीम ने इन्हें चिह्नित कर हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान रेलवे की जमीन की मापी भी कराई गई और अतिक्रमण वाले स्थानों को चिह्नित किया गया।

 

 

 

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी कुमार हर्ष, राजस्व अधिकारी अरुण कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष सूरज कुमार सहित आरपीएफ, जीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस के पदाधिकारी व जवान मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्टेशन और स्मारक चौक के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। हालांकि, अधिकांश दुकानदारों के पहले ही अतिक्रमण हटा लेने के कारण कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विवाद नहीं हुआ और अभियान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्टेशन और स्मारक चौक के आसपास दुकानों के आगे अस्थायी निर्माण और टीन शेड लगाए जाने से सड़क किनारे आवागमन की जगह कम हो गई थी। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी होती थी। अतिक्रमण हटाए जाने के बाद स्टेशन और स्मारक चौक के आसपास का इलाका पहले की अपेक्षा अधिक खुला नजर आया।

रेलवे अधिकारियों ने लोगों से रेलवे की जमीन पर दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि रेलवे की भूमि को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए आगे भी निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।