विद्यापतिनगर में ईद-मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान ट्रेन की चपेट में आया किशोर
दलसिंहसराय :विद्यापतिनगर में ईद-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर बुधवार को निकाले जा रहे जुलूस के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान एक किशोर ट्रेन की चपेट में आ गया. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी.
जुलूस के पीछे रेलवे ट्रैक पार कर रहा था किशोर
मृतक की पहचान कलीमीनगर निवासी मो. महबूब के पुत्र मो. फरीद के रूप में हुई है. बताया गया कि कलीमीनगर गांव से मलकलीपुर की ओर ईद-मिलाद-उन-नबी का जुलूस जा रहा था.इसी दौरान फरीद जुलूस के पीछे रेलवे ट्रैक पार करने लगा. ट्रैक पार करने के दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया. हादसा विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन के निकट पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास हुआ.
मौके पर ही हो गयी मौत
ट्रेन की चपेट में आने से फरीद की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गये. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी.सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली.
माता-पिता का इकलौता बेटा था फरीद
फरीद अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. उसके पिता मो. महबूब सऊदी अरब में रहते हैं. इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.घटना की जानकारी मिलने के बाद कलीमीनगर सहित आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है.घटना के बाद पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी दर्ज की.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
