Begusarai

बाढ़ की स्थिति के बीच सीएचसी बछवाड़ा पहुंचे डीएम, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

बेगूसराय।बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बेगूसराय जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों की उपस्थिति की बारीकी से जांच की. डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

ओपीडी से लेकर लेबर रूम तक का लिया जायजा

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने सबसे पहले ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, लेबर रूम, पैथोलॉजी लैब और दवा वितरण काउंटर का जायजा लिया. उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. साथ ही रोस्टर के अनुसार शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया.

 

मरीजों को अस्पताल से ही मिले जरूरी दवाएं

डीएम ने दवा वितरण काउंटर पर उपलब्ध आवश्यक दवाओं की सूची का मिलान किया. उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मरीजों को सभी जरूरी दवाएं अस्पताल से ही नि:शुल्क उपलब्ध करायी जाएं. अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई की स्थिति पर उन्होंने संतोष जताया. साथ ही स्वच्छता मानकों को हर समय बनाए रखने की हिदायत दी.

 

आयुष्मान भारत कार्ड बनाने पर दिया जोर

निरीक्षण के दौरान डीएम ने आयुष्मान भारत कार्ड बनाने पर भी जोर दिया. उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में शिविर लगाकर अधिक से अधिक पात्र लोगों का आयुष्मान भारत कार्ड बनाने का निर्देश दिया. इसके अलावा अस्पताल आने वाले मरीजों के साथ संवेदनशील और विनम्र व्यवहार करने की सलाह स्वास्थ्य कर्मियों को दी.

 

पूर्व चिकित्सक ने एरियर भुगतान की उठायी समस्या

निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पूर्व चिकित्सक डॉ. रूपेश कुमार ने विगत एक वर्ष से एरियर की बकाया राशि का भुगतान नहीं होने की शिकायत डीएम से की. उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक कागजात जमा करने के बावजूद अब तक एरियर की राशि का भुगतान नहीं किया गया है. इस पर डीएम ने संबंधित स्तर पर समस्या के समाधान का निर्देश दिया.

 

रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मनमानी की शिकायत

पंचायत समिति सदस्य मिथिलेश कुमार उर्फ ओम प्रकाश ने रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मनमानी की शिकायत की. उन्होंने कहा कि एक मिनट की देरी होने पर भी मरीजों को पर्ची नहीं दी जाती है. इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने ऐसे स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को मामले की जांच कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

 

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

डीएम रिची पाण्डेय ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया.

 

एसडीओ और डीएसपी समेत कई अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान तेघड़ा एसडीओ नीरज सिन्हा, डीएसपी कृष्ण कुमार, बीडीओ अमित कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मनोज कुमार, हेल्थ मैनेजर सह काउंसलर गुलशन कुमार सहित अस्पताल के कई कर्मी मौजूद रहे.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *