Samastipur

बिहार पुलिस सिपाही के बेटे की संदिग्ध मौत,गोली लगने की चर्चा, जांच जारी

समस्तीपुर : कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर बेला गांव में रविवार रात छह वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मृतक की पहचान वार्ड-12 निवासी रामकृष्ण कुमार झा के छह वर्षीय पुत्र यीशु कुमार के रूप में हुई है. बच्चे की मौत के बाद कनपटी में गोली लगने की चर्चा से गांव में तरह-तरह की बातें होने लगीं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

निजी क्लीनिक में डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित किया

जानकारी के अनुसार, रविवार रात बालक की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे शहर के एक निजी क्लीनिक में लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने जांच के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजन शव लेकर वहां से चले गये.

 

इसी दौरान क्षेत्र में यह चर्चा फैल गयी कि बालक की कनपटी में गोली लगी थी. मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद सोमवार को कर्पूरीग्राम थाना पुलिस मृतक के घर पहुंची और परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की.

 

परिजनों ने गोली लगने की बात से किया इनकार

पुलिस पूछताछ के दौरान मृतक के परिजनों ने बालक को गोली लगने की बात से इनकार किया. कर्पूरीग्राम थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बालक की छत से जमीन पर गिरने के कारण मौत होने की बात सामने आ रही है. परिजनों से आवेदन प्राप्त हुआ है. घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

 

पिता बिहार पुलिस में सिपाही, सर्विस पिस्टल को लेकर चर्चा

बताया जाता है कि मृतक के पिता रामकृष्ण कुमार झा बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं और हाल ही में अवकाश लेकर घर आये थे.

 

ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि घर आने के बाद उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल कमरे में बिछावन पर तकिए के नीचे रखी थी. इसी दौरान उनका छह वर्षीय पुत्र कमरे में पहुंच गया. आशंका जतायी जा रही है कि बच्चे ने खेल-खेल में पिस्टल निकाल ली और उससे फायर हो गया.

 

गोली लगने के बाद बालक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में शहर के निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

 

गोली चलने की पुष्टि नहीं, मौत के कारणों की जांच जारी

हालांकि, पिस्टल से गोली चलने अथवा बालक की कनपटी में गोली लगने की पुष्टि अभी नहीं हुई है. न तो परिजनों ने इसकी पुष्टि की है और न ही पुलिस अधिकारियों ने.

 

पुलिस घटना की परिस्थितियों और मौत के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि छह वर्षीय यीशु कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *