Dalsinghsarai

विद्यापतिधाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब,दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर । सावन की अंतिम सोमवारी पर सोमवार को भक्त और भगवान की मिलन स्थली विद्यापतिधाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ऐतिहासिक उगना महादेव मंदिर परिसर से लेकर आसपास का पूरा इलाका बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा। रविवार की रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सोमवार को सुबह दो बजे से ही पूरा मंदिर परिसर शिवभक्तों से पट गया। तेज धूप और उमस भरी गर्मी भी श्रद्धालुओं के उत्साह को नहीं डिगा सकी। देर शाम तक भक्तों की कतार लगी रही। करीब दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा उगना महादेव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और सुख-शांति व समृद्धि के लिए मन्नतें मांगीं। अंतिम सोमवारी को लेकर विभिन्न जिलों और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांवरिए विद्यापतिधाम पहुंचे।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

श्रद्धालु सिमरिया, झमटिया, चमथा समेत आसपास के गंगा घाटों से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा उगना महादेव के दरबार में पहुंचे। अलसुबह से ही रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कांवरियों के जत्थे मंदिर की ओर बढ़ते दिखे। कांवरियों के बोल बम के जयघोष से पूरा मार्ग गुंजायमान रहा। कई श्रद्धालु रातभर पैदल चलकर मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचने के बाद कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया और बाबा का जलाभिषेक किया। महिलाओं, युवतियों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की भी बड़ी संख्या रही। सोमवार को दिन चढ़ने के साथ सूर्य की तपिश बढ़ती गई, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था के आगे गर्मी भी बेअसर दिखी। हाथों में पूजा की थाली और गंगाजल लिए श्रद्धालु कतार में खड़े रहे। कतार में खड़े भक्त लगातार हर-हर महादेव और बोल बम का जयघोष करते रहे। मंदिर परिसर में घंटियों की आवाज और शिवभक्ति के गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

वहीं
अंतिम सोमवारी पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से जलार्पण कराने की व्यवस्था की गई। 150 से अधिक पुलिस बल के जवान व 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार भीड़ पर नजर बनाए रहे। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए थानाध्यक्ष सूरज कुमार स्वयं व्यवस्था की निगरानी करते दिखे। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।

 

अनुमंडलाधिकारी किशन कुमार, राजस्व अधिकारी अरुण कुमार शर्मा, दारोगा अमृता राज, पंकज कुमार चौधरी, सलीम रजा आदि भी दिन भर मुस्तैद रहे। उधर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के बाद देर शाम बाबा उगना महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर के मुख्य पंडा अमरनाथ गिरि व कामेश्वर गिरि के नेतृत्व में पंडा समाज के सदस्यों ने विधि-विधान से श्रृंगार पूजा संपन्न कराई। बाबा को भांग, धतूरा, बेलपत्र, मधु, मखाना, फूल, फल, दूध, दही, घी और मक्खन समेत विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की गई। विशेष श्रृंगार के दर्शन के लिए भी देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में जुटी रही। दोपहर बाद से ही व्रती महिलाओं और युवतियों के जत्थे लगातार मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते रहे।
जलाभिषेक के दौरान बालेश्वर स्थान न्यास समिति कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज, प्रवीण गिरि, हरिओम गिरी आदि व्यवस्था संभालने में जुटे रहे । सावन की अंतिम सोमवारी पर विद्यापतिधाम में उमड़ी भीड़ ने बाबा उगना महादेव के प्रति लोगों की अटूट आस्था को प्रतिबिंबित किया ।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *