दलसिंहसराय में राखी बांधकर छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को दिया भाईचारे और देशभक्ति का संदेश
दलसिंहसराय,हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को दलसिंहसराय थाना परिसर में राष्ट्रीय मध्य विद्यालय की छात्राओं ने अनूठे तरीके से भाईचारे, देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया.विद्यालय की छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार की गई राखियां पुलिसकर्मियों की कलाई पर बांधीं.राखी बांधते समय छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को भाई मानकर उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया.
इस दौरान थाना परिसर का माहौल कुछ देर के लिए भावुक और उत्साहपूर्ण हो गया.कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने थानाध्यक्ष इरशाद आलम, दरोगा ऋचा सिंह, विपीन कुमार, प्रणय सिंह सहित थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बांधी.छात्राओं ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों और विशेष अवसरों पर भी अपनी ड्यूटी पर तैनात रहकर लोगों की सुरक्षा में जुटे रहते हैं.ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर उनके हाथों में राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान जताना उनके लिए गर्व की बात है.
छात्राओं द्वारा बनाई गई राखियों में रचनात्मकता के साथ देशभक्ति की झलक भी देखने को मिली.राखी बंधवाने के बाद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने छात्राओं को आशीर्वाद दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका विभा कुमारी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार है.पुलिसकर्मी भी अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात लोगों की सुरक्षा में ड्यूटी करते हैं. इसलिए छात्राओं ने उन्हें भाई के रूप में राखी बांधकर सम्मान देने का निर्णय लिया.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
