हाजीपुर में कार पार्किंग को लेकर महिला दरोगा से मारपीट:मोबाइल छीना,अधिवक्ता की हिरासत पर विरोध
हाजीपुर में पासवान चौक स्थित सब्जी मंडी के पास शुक्रवार को कार पार्किंग को लेकर एक महिला पुलिस अधिकारी और एक सिपाही के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने कार चालक, उसकी पत्नी और एक अधिवक्ता को हिरासत में लिया।
अधिवक्ता को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में वकील औद्योगिक क्षेत्र थाना पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया।
औद्योगिक क्षेत्र थाना में तैनात महिला दरोगा नेहा कुमारी कोर्ट ड्यूटी से लौट रही थी। पासवान चौक सब्जी मंडी के पास सड़क पर एक कार खड़ी होने के कारण जाम लगा हुआ था। महिला दरोगा ने कार चालक से वाहन हटाने को कहा। आरोप है कि इस पर कार चालक मनीष कुमार और उसकी पत्नी महिला दरोगा से उलझ गए।नेहा कुमारी ने आरोप लगाया कि उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट की गई और वर्दी खींचने की कोशिश भी हुई।
महिला दरोगा का मोबाइल छीना
इसी बीच, नगर थाना में तैनात एक सिपाही भी मौके पर पहुंचा। महिला दरोगा के साथ विवाद होता देख उसने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई। महिला दरोगा ने थाने को सूचना देने के लिए अपना मोबाइल निकालने की कोशिश की, जिसे छीन लिया गया।इसके बाद दूसरे फोन से पुलिस को सूचना दी गई। गश्ती टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कार चालक मनीष कुमार, उसकी पत्नी तथा मौके पर मौजूद अधिवक्ता को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
अधिवक्ता को जानबूझकर फंसाने का आरोप
अधिवक्त को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में वकील औद्योगिक क्षेत्र थाना पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि उनके साथी को किस आरोप में हिरासत में लिया गया है। वकीलों ने आरोप लगाया कि अधिवक्ता को जानबूझकर इस मामले में फंसाया जा रहा है।इस घटना के संबंध में महिला दरोगा नेहा कुमारी ने औद्योगिक क्षेत्र थाना में लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने अपने आवेदन में मारपीट, वर्दी पकड़ने और मोबाइल छीने जाने का आरोप लगाया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
