अशोकधाम मंदिर में हुआ बड़ा हादसा, तार गिरने और भगदड़ से 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल
बेगूसराय।लखीसराय स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर (अशोकधाम) में सोमवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. सावन के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी हुई थी. इसी दौरान शिवकुंड के समीप 11 हजार वोल्ट का हाई-टेंशन विद्युत तार गिरने और अचानक मची भगदड़ की चपेट में आने से 7 महिला श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
पूजा की कतार में अचानक मची अफरा-तफरी
घटना के समय मंदिर परिसर में बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई थीं. अचानक शिवकुंड के पास विद्युत तार टूटकर गिरने से परिसर में जोरदार आवाज हुई, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों, मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल, विद्युत आपूर्ति काटी गई
हादसे में झुलसे और भगदड़ में घायल हुए लोगों को आनन-फानन में एंबुलेंस और निजी वाहनों से नजदीकी सदर अस्पताल भेजा गया. चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है. घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद करवा दी ताकि किसी अन्य अनहोनी से बचा जा सके.
डीएम और एडीएम का बयान: करंट की अफवाह और भगदड़ बनी मौत की वजह
हादसे के बाद लखीसराय के जिलाधिकारी (डीएम) शैलेंद्र कुमार और अपर समाहर्ता (एडीएम) नीरज कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पत्रकारों को घटना की वस्तुस्थिति से अवगत कराया.जिला प्रशासन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं और मंदिर परिसर व आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
