बेगेूसराय में युवक को मारी दो गोलियां:एक पेट और दूसरी बांह में लगी बुलेट,अपराधियों ने की फायरिंग
बेगूसराय में अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक छपकी गांव का रहने वाले शंकर यादव के बेटे गौतम कुमार (22) के रूप में हुई है। गौतम को दो गोलियां लगी है, एक उसकी बांह में और दूसरी पेट के निचले हिस्से में।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि चिलमिल गांव स्थित तीनमुहानी के पास दो बाइक पर सवार होकर आए 4 अपराधी पहले से खड़े थे।
वे आपस में बातचीत कर रहे थे और मौका तलाश रहे थे। इसी दौरान गौतम बाइक से जैसे ही अपने घर की ओर जाने के लिए मुड़ा, घात लगाए बदमाशों ने उसकी बाइक का पीछा करना शुरू कर दिया। थोड़ी ही दूरी पर आगे बढ़ते ही घर से करीब 100 मीटर पहले बदमाशों ने उस पर गोलियां चला दी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छपकी गांव की है।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
बाइक सवार सभी अपराधी उत्तर दिशा की ओर बिहियार के रास्ते कारीचक की तरफ तेजी से भाग निकले। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों के प्रयास से खून से लथपथ गौतम को उठाकर तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय और मुफस्सिल थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा अपराधियों की पहचान के लिए गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
