पटना की दो नाबालिग स्कूली लड़कियों ने की शादी:बोलीं-साथ जिएंगे,साथ मरेंगे
पटना की दो नाबालिग स्कूली छात्राओं के घर से भागकर शादी करने का मामला सामने आया है। दोनों छात्राएं कोतवाली थाना इलाके के अदालतगंज की रहने वाली हैं। दोनों एक दूसरे की पड़ोसी भी हैं।
दोनों करीब तीन साल से एक-दूसरे को जानती हैं। दोनों 7 अगस्त को घर से निकल गई थीं। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों को खगड़िया रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर लिया।पुलिस की पूछताछ में दोनों छात्राओं ने बताया कि वे करीब तीन साल से एक-दूसरे को जानती हैं। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई।
दोनों ने पुलिस को बताया कि रिश्ते को शादी का रूप देने के लिए वे 7 अगस्त को घर से निकल गईं और खगड़िया पहुंचीं। उनके पास करीब 3,500 रुपए थे।दोनों के मुताबिक, खगड़िया के एक मंदिर में उन्होंने शादी की और इसके बाद एक होटल में कमरा लेकर ठहरी थीं।
एक 10वीं तो दूसरी 12वीं की स्टूडेंट
एक लड़की 10वीं क्लास में पढ़ती है, जबकि दूसरी 12वीं की छात्रा है। 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा के पिता CID में कर्मचारी बताए जा रहे हैं। जो लड़की 12वीं क्लास में पढ़ती है वो मुस्लिम है, जबकि क्लास दसवीं में है वो हिन्दू परिवार से आती है।दोनों की मां ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की।
रेलवे स्टेशन के पास घूमते मिलीं
पुलिस के मुताबिक, दोनों की तलाश में कोतवाली थाने से महिला पदाधिकारी पूनम कुमारी समेत पुलिस टीम खगड़िया पहुंची थी। दोनों खगड़िया रेलवे स्टेशन के आसपास घूम रही थीं। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों को पटना लाया गया और मेडिकल जांच कराई गई।दोनों नाबालिग लड़कियां एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी हैं।
दोनों लड़कियों ने परिवार से मिलने से मना कर दिया है
बरामदगी के बाद दोनों के परिजन उनसे मिलने पहुंचे, लेकिन दोनों छात्राओं ने परिवार के सदस्यों से बातचीत करने से इनकार कर दिया। दोनों एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी हैं। दोनों का कहना है कि वो अब साथ रहना चाहती हैं।
पुलिस पूरे मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है। दोनों नाबालिग होने के कारण उनके बयान और अन्य प्रक्रियाएं नियमानुसार दर्ज की जा रही हैं।ASP लॉ एंड ऑर्डर ने बताया कि एक बालिग और दूसरी नाबालिग लड़की है। दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रोड्यूस किया जा रहा है। आगे की कार्रवाई हो रही है। दोनों पड़ोसी हैं। शादी करने की भी बात सामने आ रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
