समस्तीपुर:12.30 लाख रुपए की हेरोइन के साथ 3 गिरफ्तार:आसाम, त्रिपुरा से खेप लाकर सप्लाई करते थे
समस्तीपुर की पटोरी थाना पुलिस ने करीब 190 ग्राम हेरोइन के साथ मंगलवार को एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12.30 लाख रुपए बताई जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे असम और त्रिपुरा से हेरोइन लाकर वैशाली जिले में इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी है।पटोरी थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें पटना से सूचना मिली थी कि कुछ लोग हेरोइन लेकर लगुनिया रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले हैं। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो टीमें गठित कीं। एक टीम को लगुनिया रेलवे स्टेशन और दूसरी को पटोरी रेलवे स्टेशन पर तैनात किया गया।तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 190 ग्राम हेरोइन की खेप बरामद
इसी दौरान, ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन निर्माण मार्ग के पास लगुनिया रेलवे स्टेशन के समीप दो पुरुष और एक महिला संदिग्ध अवस्था में दिखे। पुलिस ने तीनों को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उनके पास से प्लास्टिक की साबुनदानीनुमा डिब्बी में छिपाई गई 190 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र निवासी गणेश कुमार (भोला राय का पुत्र), बिदुपुर थाना क्षेत्र के नवानगर निवासी राकेश कुमार (कृष्णदेव राय का पुत्र) और मथुरापुर थाना क्षेत्र निवासी पूनम देवी (राजकुमार ठाकुर की पत्नी) के रूप में हुई है।
आरोपी बोले- छह महीने से हम लोग इस काम में एक्टिव.पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे असम और त्रिपुरा से हेरोइन लाकर वैशाली जिले में बेचते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे पिछले पांच से छह महीनों से इस अवैध कारोबार में सक्रिय हैं। पुलिस को संदेह है कि इनके तार किसी बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो कीपैड मोबाइल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस इन मोबाइलों का तकनीकी विश्लेषण कर अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी, अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसमें शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बरामद हेरोइन को जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पटोरी पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
