डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी की औरंगाबाद में हत्या:कार रोकवा कर अपराधियों ने पहले पीटा, फिर गोली मारी
Patna /औरंगाबाद.रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी। वारदात औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में हुई है।अपराधियों ने ऑफिसर को पहले बेरहमी से पीटा, फिर गोली मार दी। घटना पटना कैनाल नहर रोड पर घनौती पुल के पास की है।
अस्पताल में तोड़ा दम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमल कुमार अपनी कार से पटना जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला बोल दिया। फिर गोली मार दी। गंभीर हालत में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल रोहतास जिले के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी मिलते ही रोहतास के जिलाधिकारी दीपक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार भी नारायण मेडिकल कॉलेज पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं, औरंगाबाद सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि बारुण थाना क्षेत्र के पटना कैनाल नहर रोड पर डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या की सूचना मिली है। प्रथम दृष्टया अज्ञात अपराधियों द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आई है।
लूट या पुरानी रंजिश के एंगल से जांच
पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने में लगी है और सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे लूट, पुरानी रंजिश या कोई अन्य कारण तो नहीं है।
हत्या का कारण स्पष्ट नहीं
हालांकि देर रात तक हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका था। प्रशासन का कहना है कि वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। इस घटना ने न केवल प्रशासनिक अधिकारियों बल्कि आम लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।औरंगाबाद एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि डॉ. विमल कुमार अपने वाहन से डिहरी से सोन नहर के सेवा पथ के रास्ते पटना जा रहे थे। धनौती पुल के पास अपराधियों ने वाहन रोककर उन्हें गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गई।
‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में हुए थे शामिल
विमल शनिवार शाम डेहरी में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में लोजपा आर के विधायक सोनू सिंह, डेहरी के एसडीएम और अन्य अधिकारी थे। डॉ. विमल कार्यक्रम के मुख्य उद्घाटनकर्ता थे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
