दलसिंहसराय के छोटी गुदरी में नाला निर्माण में अनियमितता का आरोप, दुकानदारों ने इओ से की शिकायत
दलसिंहसराय नगर परिषद के वार्ड संख्या 12 स्थित छोटी गुदरी महावीर मंदिर पीपल पेड़ के पास बन रहे नाले में व्यापक अनियमितता का आरोप लगाते हुए स्थानीय दुकानदारों ने कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी है.शिकायत में कहा गया है कि नाला निर्माण को लेकर लोगों को कोई जानकारी नहीं दी जा रही है.बन रहे नाले का एस्टीमेट क्या है.
और निर्माण कहां से कहां तक होगा,यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है.दुकानदार प्रमोद कुमार चौधरी,अजय शंकर प्रसाद,रंजीत चौधरी, मो.केसर अली,श्याम रजक,सुबोध कुमार, राम कुमार,पप्पू कुमार,लक्ष्मी साह,सुजीत कुमार,सीता राम सिंह,सोनू कुमार,राम नाथ पोद्दार सहित 70 से ऊपर दुकानदार व स्थानीय लोगो ने हस्ताक्षर युक्त आवेदन इओ को सौंपते हुए
आरोप लगाया है कि नाला बनाने से पहले पुरानी पक्की सड़क रोड को नहीं उखाड़ा गया.दुकान और रोड की ऊंचाई में पहले से ही बहुत कम अंतर है.अगर इसी लेवल में नाला बनेगा तो बरसात का पानी सीधे दुकानों में घुस जाएगा.जबकि नियम है कि पुरानी ढलाई सड़क को उखाड़कर ही नया निर्माण कराया जाए.
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि छोटी गुदरी बाजार दलसिंहसराय का सबसे पुराना और व्यस्ततम बाजार है.नाला निर्माण का कार्य पिछले 45 दिनों से बहुत धीमी गति से चल रहा है,जिससे दुकानदारों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी भारी कठिनाई हो रही है.कई दुकानदारों के सामने भुखमरी की स्थिति आ गई है.बरसात में रोड की चौड़ाई कम होने से बच्चे, महिलाएं एवं पुरुष नाला में गिरकर जख्मी भी हो चुके हैं.शिकायत में कहा गया कि अब तक लगभग 100 फीट ही काम हुआ है.
जमीन ढलाई 2.5 इंच की हो रही है.साइड में जो जाली दी जा रही है उसकी चौड़ाई-लंबाई 8 से 10 इंच रखी जा रही है.सीमेंट घटिया किस्म का है और ईंट भी घटिया है.साइड से गिरी मिट्टी को बिना साफ किए ही स्लैब ढलाई कर दी जा रही है.
जब इस संबंध में ठेकेदार पंकज से बात की जाती है तो उनका कहना है कि जैसा काम हो रहा है वैसे ही होने दीजिए, नहीं तो 1 साल में भी काम पूरा नहीं होगा.स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नाला निर्माण एस्टीमेट के मुताबिक ही हो.नाले की गहराई, चौड़ाई, ऊंचाई, सीमेंट, गिट्टी, बालू की मात्रा और स्लैब की सही जानकारी दी जाए. साथ ही सभी दुकानदारों की मांग है कि नाले के बगल में ढलाई रोड का भी निर्माण किया जाए.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
