दोस्त की पत्नी संग रह रहे युवक की मौत:समस्तीपुर में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़े एक मामले में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक पिछले छह महीने से अपने दोस्त की पत्नी के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा था। मृतक के परिजनों ने महिला के पहले पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के घोष लेन निवासी कालीचरण प्रसाद के 30 वर्षीय पुत्र सूरज सोनी के रूप में हुई है। मौत के बाद सूरज को उसके साथ रह रही महिला डोली कुमारी सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और छानबीन शुरू की।
दोस्त की पत्नी से हो गया था प्यार
मृतक के चाचा दुर्गा प्रसाद सोनी ने बताया कि दूधपुरा निवासी चंदन कुमार घोष लेन स्थित एक सोना-चांदी की दुकान में काम करता था। इसी दौरान उसकी दोस्ती सूरज सोनी से हुई। चंदन का अपने परिवार के साथ सूरज के घर आना-जाना शुरू हो गया। इसी दौरान सूरज और चंदन की पत्नी डोली कुमारी के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे।
6 महीने से रह रहे थे साथ
डोली के अनुसार, साल 2023 में सूरज और डोली ने मोरवा के एक मंदिर में कथित तौर पर शादी कर ली थी। जब इसकी जानकारी डोली के पति चंदन कुमार को हुई, तो वह अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। इसके बाद डोली ने पूरी बात सूरज को बताई और दोनों समस्तीपुर छोड़कर मुजफ्फरपुर चले गए। वे पिछले करीब छह महीने से मुजफ्फरपुर में किराये के मकान में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि चंदन कुमार लगातार सूरज के परिवार पर दबाव बना रहा था कि वह उसकी पत्नी को छोड़ दे, अन्यथा उसे जान से मार दिया जाएगा। परिजनों का कहना है कि इसी धमकी के बीच अब सूरज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
इसलिए उन्होंने हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। डोली कुमारी की मां बेबी कुमारी, जो मुजफ्फरपुर जिले के पोखरिया डीह की रहने वाली हैं। इन्होंने बताया कि उन्होंने लगभग 15 साल पहले अपनी बेटी की शादी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दुधपुरा निवासी चंदन कुमार से कराई थी।
इस दंपती के दो बेटियां और एक बेटा हैं। उन्होंने बताया कि चंदन और सूरज की दोस्ती के दौरान ही उनकी बेटी और सूरज के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। पिछले करीब छह महीने से दोनों मुजफ्फरपुर में साथ रह रहे थे। हालांकि, उन्होंने कहा कि सूरज की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
परिजनों ने बताया कि सूरज दो भाइयों में एक था और उसकी पहले शादी नहीं हुई थी। उसकी असामयिक मौत से पूरे परिवार में मातम का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग सदर अस्पताल पहुंच गए।सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉ. संतोष कुमार झा ने बताया कि युवक को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचना दे दी गई।
नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी को अस्पताल भेजा गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। यदि मृतक के परिजन लिखित आवेदन देकर किसी पर आरोप लगाते हैं, तो उसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
