TRE-4 भर्ती में देरी पर छात्रों का बढ़ा आक्रोश,:छात्र नेता ने सरकार पर साधा निशाना,करेंगे आंदोलन
पटना.बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) का इंतजार कर रहे 15 लाख से अधिक अभ्यर्थियों में लगातार बढ़ती देरी को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से बार-बार अलग-अलग बयान दिए जा रहे हैं, जिससे उम्मीदवारों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। इसी मुद्दे पर छात्र नेता दिलीप कुमार ने सरकार और शिक्षा मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
दिलीप कुमार ने कहा कि शिक्षा मंत्री पहले यह कह चुके थे कि 25 जुलाई तक TRE-4 का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा, लेकिन अब कहा जा रहा है कि 25 जुलाई तक केवल अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बदलते बयानों से लाखों अभ्यर्थियों को गुमराह किया जा रहा है।
46 हजार पदों पर भर्ती का वादा पूरा करने की मांग
छात्र नेता ने कहा कि सरकार ने पहले करीब 46 हजार पदों पर शिक्षक भर्ती निकालने का आश्वासन दिया था। ऐसे में अब पदों की संख्या कम नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार अपने वादे के अनुसार सभी स्वीकृत पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करे और जुलाई महीने में ही TRE-4 का विज्ञापन जारी करे, ताकि लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सके।
25 जुलाई तक बीपीएससी को अधियाचना भेजने का निर्देश
7 जुलाई 2026 को शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में TRE-4 की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को 25 जुलाई तक बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को अधियाचना भेजने का निर्देश दिया। इसके बाद से अभ्यर्थियों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि भर्ती का विज्ञापन आखिर कब जारी होगा, क्योंकि फिलहाल सरकार की ओर से विज्ञापन जारी करने की कोई निश्चित तिथि घोषित नहीं की गई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
