समस्तीपुर:दलाल ने 9820 रुपए का टिकट 22 हजार में बेचा, जांच में धराए
समस्तीपुर रेल मंडल में टिकट दलालों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल ने बड़ी कार्रवाई की। पवन एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे चार यात्रियों को टेंपर आरक्षित टिकट के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में यात्रियों ने बताया कि उन्होंने मधुबनी के कथित टिकट एजेंट गुड्डू कुमार से टिकट खरीदा था। चार यात्रियों से कुल 22 हजार रुपए वसूलने की बात सामने आने के बाद आरपीएफ ने टिकटों के अवैध कारोबार का मामला दर्ज किया। जांच तेज कर दी गई। पूरे सिंडिकेट में रेलवे के कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्य चल टिकट निरीक्षक विनोद कुमार दास 6 जुलाई को जयनगर से मुजफ्फरपुर के बीच 11062 पवन एक्सप्रेस में टिकट जांच कर रहे थे। बी-2 कोच में पीएनआर नंबर 6706125329 पर बर्थ नंबर 25, 26, 27, 28 पर यात्रा कर रहे चार यात्रियों के टिकट के निचले हिस्से में काट-छांट दिखी। पहचान पत्र से मिलान पर यात्रियों की पहचान सही मिली। टिकट में छेड़छाड़ मिलने पर पूछताछ की गई। पता भी अलग-अलग पाया गया। पूछताछ में यात्रियों ने कहा कि वे दो अलग-अलग परिवारों के हैं। टिकट मधुबनी के बड़ी बाजार स्थित कथित टिकट एजेंट गुड्डू कुमार से लिया था। उन्होंने बताया कि दलाल से टिकट लेने का मामला उजागर न हो जाए, इसलिए टिकट के निचले हिस्से को हल्का काट दिया था।
जांच एजेंसियों का मानना है कि यदि टिकट वास्तव में रेलवे काउंटर से जारी हुआ है और बाद में दलाल के माध्यम से ऊंचे दाम पर बेचा गया, तो इस पूरे नेटवर्क में कुछ रेलकर्मियों की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। अधिकारियों का कहना है कि दलाल की गिरफ्तारी के बाद यह साफ हो सकेगा कि इस सिंडिकेट में कौन-कौन लोग शामिल हैं और टिकट किस माध्यम से बाहर निकाले जा रहे थे।तभी बड़ी मछली पकड़ में आ पाएगी।बता दें कि समस्तीपुर रेल मंडल के मुजफ्फरपुर और दरभंगा स्टेशनों पर साधारण टेंपर टिकट और तत्काल टिकटों की कालाबाजारी का बड़ा नेटवर्क सामने आया था। उस कार्रवाई में आधा दर्जन से अधिक जालसाज गिरफ्तार कर जेल भेजे गए थे। रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग में ओटीपी, एडवांस कैप्चा और अन्य सुरक्षा उपाय लागू कर दलालों पर अंकुश लगाने की कोशिश की है, लेकिन ताजा मामला बताता है कि टिकट माफिया अब भी नए तरीके अपनाकर यात्रियों से मोटी रकम वसूल रहे हैं। आरपीएफ का कहना है कि जांच पूरी होने तक इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
