समस्तीपुर में गैंगवार में डबल मर्डर:फोन कर घर से बुलाया, एक के सिर में दूसरे के पेट और पीठ में मारी गोली
समस्तीपुर में गैंगवार में 2 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतकों की पहचान प्रभात चौधरी,सन्नी कुमार के रूप में हुई है।प्रभात चौधरी शराब कारोबार से जुड़ा था। वो हाल ही में जेल से छूटा था। प्रभात पर 2023 में समस्तीपुर कोर्ट में पेशी के दौरान फायरिंग हुई थी, जिसमें वो घायल हुआ था। वारदात मंगलवार की देर रात चेकमहेसी थाना क्षेत्र के नामापुर दरियापार गांव की है।प्रभात चौधरी का आपराधिक इतिहास रहा है। मंगलवार की देर प्रभात को किसी ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया। उसके बाद प्रभात अपने घर से गाड़ी लेकर निकला। उसके साथ सन्नी और उसके दो लोग और भी थे।
प्रभात अपने लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। जैसे ही चारो गाड़ी से उतरे ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। गोलीबारी के दौरान प्रभात के सिर में गोली लगी और सन्नी के पीठ और पेट में बुलेट लगी।गोली लगने के बाद दोनों की मौके पर मौत हो गई। प्रभात के साथ आए 2 दोस्त मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत
घटना करीब देर रात 12 से 1 बजे के बीच की है। ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। लोग घरों से निकले और मौके पर पहुंचे। दो लाश देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन कर इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी की जांच की। लोगों के बयान दर्ज किए।
प्रभात के पिता ने कहा कि जानकारी मिली कि मेरे बेटे को गांव के लोगों ने ही फोन कर बुलाया था। पहले से क्या विवाद था मुझे कुछ नहीं पता। प्रभात को कोर्ट परिसर में भी गोली मारी गई थी। इस दौरान 2 दरोगा सस्पेंड हुए थे।जिस नंबर से बेटे को फोन आया था, वो नंबर हमलोगों ने पुलिस को दे दिया है। अब पुलिस पता लगाएगी कि आखिर डबल मर्डर के पीछे कौन है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
