श्रावणी मेला कोलेकर सजने लगा कच्चा कांवरिया पथ, 25 जुलाई तक तैयार..
Shravani Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. लाखों कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुलतानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर तक जाने वाले कच्चे कांवरिया पथ को 25 जुलाई तक पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. प्रशासन का दावा है कि इस बार श्रद्धालुओं को पहले से अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा.
कच्चे कांवरिया पथ पर झाड़ियों की कटाई, मार्ग की लेवलिंग, मरम्मत और साफ-सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है. पथ के बीच बने डिवाइडरों की भी सफाई की जा रही है. इसके बाद उनकी रंगाई-पुताई कर आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिल सके.प्रशासन के अनुसार 18 जुलाई से बंगला सावन शुरू होने के साथ ही कांवरियों की संख्या में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है. इसे देखते हुए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शुरुआत से ही श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
बाजारों में भी बढ़ी रौनक
कांवरिया पथ के किनारे अस्थायी दुकानें भी सजने लगी हैं. पूजा सामग्री, बेलपत्र, प्रसाद, फल, खाद्य सामग्री, दवा, वस्त्र और अन्य जरूरी सामान बेचने वाले दुकानदार अपनी तैयारियों में जुट गए हैं. स्थानीय व्यापारियों को इस बार मेले में बेहतर कारोबार की उम्मीद है.
अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू
श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. पथ निर्माण विभाग ने अंचल अधिकारी को पत्र भेजकर पथ पर रखी भवन निर्माण सामग्री और बांधे गए मवेशियों को हटाने का अनुरोध किया है, ताकि अनुरक्षण कार्य में कोई बाधा न आए.
15 फीट चौड़ा होगा कांवरिया पथ
आरसीडी (पीडब्ल्यूडी) बांका के एसडीओ रामदयाल राम ने बताया कि जहां भी अतिक्रमण मिलेगा, उसे हटाकर पूरे 15 फीट चौड़े मार्ग को खाली कराया जाएगा. विभाग का दावा है कि अगले 10 दिनों के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे कांवरियों को समतल, स्वच्छ और बालूयुक्त पथ उपलब्ध हो सके.हर वर्ष लाखों शिवभक्त सुलतानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर लगभग 105 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचते हैं. ऐसे में कच्चा कांवरिया पथ की समय पर तैयारी प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
