समस्तीपुर स्टेशन पर महिला से छीना जेवरात:रेलवे फुट ओवरब्रिज पर घटना,लोगों ने बदमाश को खदेड़कर पकड़ा
समस्तीपुर रेलवे स्टेशन परिसर में एक महिला के गले से जेवरात छीनकर भाग रहे एक बदमाश को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने उसे रेल पुलिस (जीआरपी) के हवाले कर दिया। आरोपी के पास से छीना गया ढोलना भी बरामद कर लिया गया है।
पीड़िता की पहचान मेडिकल कॉलोनी निवासी नीतू कुमारी के रूप में हुई है। उनके पति मनीष कुमार रेलवे अस्पताल में फार्मासिस्ट हैं। नीतू कुमारी ने बताया कि वह अपनी एक पड़ोसी महिला के साथ रेलवे फुट ओवरब्रिज से बाजार जाने के लिए स्टेशन परिसर पहुंची थीं।इसी दौरान पहले से घात लगाए एक युवक ने अचानक उनके गले से ढोलना झपट लिया और भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बदमाश का पीछा शुरू कर दिया।
जीआरपी के अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस उसकी पहचान और आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किसी गिरोह से जुड़ा है या अकेले ऐसी घटनाओं को अंजाम देता था।जीआरपी थाना अध्यक्ष बलवीर कुमार ने बताया कि युवक की पहचान बहादुरपुर निवासी प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। उसकी तलाशी के दौरान उसके पॉकेट से ढोलना बरामद हुआ है। पीड़िता से लिखित आवेदन लिया जा रहा है, जिसके बाद संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
