मुंगेर में शादी के 2 महीने बाद नवविवाहिता की हत्या:गला दबाकर शव लटकाने का आरोप
पटना.मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तौफिर गांव में शादी के महज 2 महीने बाद 22 साल की नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गला घोंटकर हत्या करने और बाद में शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है।घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची
मृतका की पहचान तौफिर गांव निवासी मानसुख यादव की पत्नी रूपम कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।मृतका के पिता रुदल यादव, जो बेगूसराय जिले के सांभो दियारा क्षेत्र के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी बेटी रूपम की शादी इसी वर्ष मई माह में तौफिर गांव निवासी चामो यादव के पुत्र मानसुख यादव के साथ हुई थी।उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के दौरान बारात में हुए विवाद के बाद दामाद और उसके परिजन नाराज चल रहे थे। शादी में दिए गए उपहार भी स्वीकार नहीं किए गए थे।
रुदल यादव के अनुसार, विवाह के पांच दिन बाद जब रूपम का भाई सदानंद अपनी बहन की विदाई कराने ससुराल पहुंचा, तो उसके साथ मारपीट कर उसे भगा दिया गया। इसके बाद से रूपम को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी।
फांसी लगाकर आत्महत्या करने की दी सूचना
परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर ससुराल पक्ष की ओर से उन्हें सूचना दी गई कि रूपम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर मायके वाले मुंगेर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि रूपम का शव फंदे से लटका हुआ था, लेकिन उसके पैर जमीन को छू रहे थे।परिजनों का आरोप है कि पहले उसकी हत्या की गई और बाद में शव को पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका दिया गया ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
