Muzaffarpur

किसान आंदोलन में पहुँचे सांसद पप्पू यादव,किसानों की लड़ाई को बताया अपनी लड़ाई

मुजफ्फरपुर।पिपराकोठी में किसानों की भूमि पर प्रस्तावित वाटर पार्क निर्माण के विरोध में चल रहे आंदोलन को उस समय नई मजबूती मिली, जब सांसद पप्पू यादव आंदोलन स्थल पर पहुँचे और आंदोलनरत किसानों से सीधे संवाद किया। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, आंदोलन की पृष्ठभूमि की जानकारी ली और उनके संघर्ष को न्यायसंगत बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

आंदोलन को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा, “मैं आपके बेटे की तरह हूँ। आपकी लड़ाई मेरी अपनी लड़ाई है। जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।” उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज़ को लोकसभा में पूरी मजबूती से उठाया जाएगा और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए इस पूरे मामले को हाईकोर्ट तक ले जाया जाएगा, ताकि किसी भी किसान के साथ अन्याय न हो।

 

उन्होंने कहा कि देश का किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था की सबसे मजबूत रीढ़ है। यदि किसानों के साथ अन्याय होता है, तो यह पूरे समाज के साथ अन्याय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के सम्मान, अधिकार और न्याय के लिए वे हर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मंच पर मजबूती से आवाज़ उठाते रहेंगे।

 

सांसद ने आंदोलनरत किसानों से संयम और एकजुटता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा यह आंदोलन किसानों की जागरूकता, एकता और अधिकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों की मांगों को संबंधित विभागों और सरकार के समक्ष गंभीरता से रखा जाएगा तथा समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

 

इस दौरान किसानों ने भी अपनी समस्याओं, मांगों और आंदोलन की पृष्ठभूमि से सांसद को अवगत कराया। किसानों ने विश्वास जताया कि सांसद पप्पू यादव के हस्तक्षेप से उनकी आवाज़ सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुँचेगी और उन्हें न्याय मिलेगा।

 

सांसद पप्पू यादव द्वारा आंदोलन के समर्थन और संघर्ष में साथ खड़े रहने की घोषणा के बाद आंदोलनरत किसानों में नया उत्साह, आत्मविश्वास और उम्मीद देखने को मिली। किसानों ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आगमन से आंदोलन को नई दिशा और मजबूती मिली है।

 

इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य मुख्तार प्रसाद गुप्ता, पिपरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अंकुश कुमार सिंह, पूर्व ढाका विधानसभा प्रत्याशी अभिजीत सिंह, पूर्व जाप जिला अध्यक्ष पवन सिंह, छात्र नेता आकाश सिंह राठौड़, युवा नेता मणि भूषण यादव, दीपक यादव, युवा नेता रौनक त्यागी, छात्र नेता पुन्नू सिंह, युवा नेता नरेन आलम, चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार यादव, अभिषेक रंजन, निकलेश यादव, मुन्ना कुशवाहा, संजय गुप्ता सहित सैकड़ों किसान एवं स्थानीय नेता उपस्थित थे।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!