BDO की पत्नी की संदिग्ध मौत,मां ने लगाया जहर देकर मारने का आरोप
मुजफ्फरपुर. मिठनपुरा थाना क्षेत्र के बेला कन्हौली मोड़ स्थित आवास पर शुक्रवार की देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. मृतका की पहचान अमृता कुमारी (29 वर्ष) के रूप में हुई है,
जो दरभंगा जिले के जाले प्रखंड में कार्यरत ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) मनोज कुमार की पत्नी थी. घटना के बाद मायके वालों ने मृतका के पति (BDO मनोज कुमार) पर किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध रखने और इसका विरोध करने पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. इस घटना के बाद से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
दो साल से घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले बदहवास हालत में बेला कन्हौली मोड़ स्थित आवास पर पहुंचे. जिंदा होने की आस में परिजन आनन-फानन में अमृता को लेकर सदर अस्पताल भागे. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतका की मां ने रोते हुए बताया कि अमृता की शादी साल 2023 में मनोज कुमार से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही उसे घरेलू हिंसा का शिकार होना पड़ रहा था. पिछले दो साल से उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. मां का सीधा आरोप है कि BDO का किसी दूसरी महिला के साथ चक्कर चल रहा था, जिसका अमृता विरोध करती थी. इसी विरोध के कारण साजिश के तहत उसे जहर देकर मार डाला गया.
अस्पताल पहुंची पुलिस, FSL टीम को बुलाया गया
सदर अस्पताल में शव पहुंचने की जानकारी मिलते ही मिठनपुरा थाने के सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) राहुल कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मृतका के परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए. इधर, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है.
मिठनपुरा थानेदार अजय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री) की टीम को घटनास्थल पर बुलाया जा रहा है. घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो. थानेदार ने स्पष्ट किया कि मृतका के परिजनों द्वारा अभी लिखित आवेदन दिया जाना बाकी है. परिजनों के लिखित आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है, ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
