शिक्षिका पत्नी की याद में पति ने 25 लाख से बनवाया मंदिर, पत्नी की प्रतिमा स्थापित
मुजफ्फरपुर.मझौलिया : जीवनसाथी की याद को अमर बनाने के लिए लोग अक्सर स्मारक या पौधारोपण करते हैं, लेकिन पूर्वी चंपारण के सुगौली निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक आचार्य पंडित देवदत्त पांडे ने अपनी दिवंगत पत्नी स्व. सावित्री पांडेय की स्मृति में ऐसा कार्य किया, जो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है.
उन्होंने अपने और अपने पुत्रों के निजी कोष से करीब 25 लाख रुपये की लागत से पश्चिम चंपारण के मझौलिया प्रखंड की महोदीपुर पंचायत के वार्ड संख्या छह में एक भव्य मंदिर का निर्माण कराया. छह माह पहले बने इस मंदिर में मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जयपुर से मंगाई गई सावित्री पांडेय की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा और अनावरण किया गया. देवदत्त पांडे मूल रूप से पूर्वी चंपारण के सुगौली बाजार के निवासी हैं और अपने पूरे परिवार के साथ वहीं रहते हैं. हालांकि महोदीपुर गांव से उनका गहरा जुड़ाव है
और उनका यहां लगातार आना-जाना लगा रहता है. वे सुगौली हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक रहे और 31 जनवरी 2010 को सेवानिवृत्त हुए. उनकी पत्नी भी शिक्षिका थीं. दोनों ने शिक्षा और संस्कारों को अपने जीवन का आधार बनाया. पत्नी के निधन के बाद उनकी स्मृतियों को जीवित रखने के उद्देश्य से उन्होंने मंदिर निर्माण का निर्णय लिया. देवदत्त पांडे के दोनों पुत्र और बहुएं सरकारी सेवा में हैं. बड़ा पुत्र पिछले वर्ष सेना से सेवानिवृत्त हुआ है. पूरे परिवार ने मिलकर इस मंदिर के निर्माण और प्रतिमा स्थापना का संकल्प पूरा किया. ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि पति-पत्नी के अटूट प्रेम, सम्मान और समर्पण का प्रतीक है. श्रद्धांजलि समारोह में पहुंचे लोगों ने इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी पहल बताया. कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर स्व. सावित्री पांडेय को भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
भव्य श्रद्धांजलि समारोह में प्रतिमा स्थापित
प्रतिमा स्थापना एवं श्रद्धांजलि समारोह में चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन, नरकटियागंज विधायक संजय पांडेय, सुगौली विधायक बबलू गुप्ता, बेतिया के पूर्व विधायक मदन मोहन तिवारी, भाजपा नेता राहुल कुमार और बेतिया की मेयर गरिमा देवी सिकारिया सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बुद्धिजीवी शामिल हुए. सभी अतिथियों का स्वागत मृत्युंजय पांडेय ने अंगवस्त्र व पुष्पमाला देकर किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता भोट चतुर्वेदी तथा संचालन पूर्व शिक्षक वशिष्ठ नारायण उपाध्याय ने किया. बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्व. सावित्री पांडेय के व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान को याद किया.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
